ब्रह्मानंद नेताम सहित बाकी आरोपियों को झारखंड पुलिस ने दिया नोटिस, कांकेर थाने में बुलाया

Chhattisgarh Crimes

कांकेर। भानुप्रतापपुर उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम सहित बाकी आरोपियों को झारखंड की पुलिस ने थाने में उपस्थित होने के लिए नोटिस दिया है। झारखंड पुलिस की टीम नेताम सहित अन्य आरोपियों के घर पहुंची और मंगलवार को सुबह 10 बजे थाने पहुंचने के लिए नोटिस तामील किया है। इसे लेकर अब मामला गरमाने के आसार हैं, क्योंकि एक खबर यह आ रही है कि भाजपा दल-बल के साथ नेताम का सरेंडर कराने ले जा सकती है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि झारखंड की पुलिस गिरफ्तार करेगी या पूछताछ के बाद छोड़ देगी।

उपचुनाव के लिए स्क्रूटनी का समय बीतने के बाद कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम पर दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो और देह व्यापार में धकेलने जैसे मामलों में अपराध दर्ज होने का खुलासा किया था। इसके बचाव में भाजपा ने कहा था कि 2019 से दर्ज मामले में अब तक झारखंड पुलिस की ओर से कोई समंस या नोटिस नहीं दिया गया है। पॉक्सो जैसे संगीन जुर्म में गिरफ्तारी नहीं की गई है। इस आधार पर भाजपा ने झूठा मामला दर्ज होने का आरोप लगाया था।

झारखंड के टेल्को थाने की पुलिस सोमवार को कांकेर पहुंच गई। पुलिस की टीम नेताम के अलावा अन्य आरोपी नरेश सोनी, दीपांकर सिन्हा और केशव सिन्हा के घर गई। उनके परिजन से पूछताछ की। नेताम दिनभर भाजपा कार्यालय में थे, लेकिन गिरफ्तारी करने नहीं पहुंची। इसे लेकर यह कयास शुरू हो गए कि पुलिस टीम गिरफ्तारी करने नहीं, बल्कि डराने आई है। हालांकि सोमवार रात से ही प्रशासन और पुलिस की टीम को मंगलवार को संभावित लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति से निपटने के लिए सुबह तैयार रहने के निर्देश दिए गए थे। बता दें कि ब्रह्मानंद नेताम के खिलाफ संगीन अपराध दर्ज होने के खुलासे के बाद से ही राजनीति गरमाई हुई है।