
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में झीरम मामले को लेकर एक बार फिर से सियासत शुरू हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि, चुनाव से पहले भूपेश बघेल कह रहे थे, मैं झीरम कांड का सबूत जेब में लेकर घूम रहा हूं। जब सरकार बनेगी तो सबूत दिखाऊंगा। तो अब वे मुख्यमंत्री हैं। जेब से सबूत निकालकर दिखाएं। इधर, जब अरुण साव से पूछा गया कि, कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह का झीरम मामले में नार्को टेस्ट करवाने की बात कही है तो वे बचते नजर आए। उन्होंने इस मामले पर चुप्पी साध ली।
शनिवार 11 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बस्तर आएंगे। इससे पहले भाजपा तैयारियों में जुटी हुई है। प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव से लेकर BJP के कई दिग्गज नेता जगदलपुर में डेरा जमाए हुए बैठे हैं। शुक्रवार को जगदलपुर में अरुण साव ने कहा कि, छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस सरकार से नाराज है। अब छुटकारा चाहती है। इसलिए आने वाले चुनाव में भाजपा को जनता का पूरा आशीर्वाद मिलेगा।
अरुण साव ने कहा कि, प्रदेश में क्राइम बढ़ रहा है। भ्रष्टाचार चरम पर है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि, इन मामलों को लेकर हमने लगातार कई बड़े जन आंदोलन किए हैं। 24 अगस्त को युवाओं के मुद्दों को लेकर राजधानी रायपुर में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया गया था। प्रदेश की जनता का भी भरपूर समर्थन मिला था। महिलाओं पर हुए अत्याचार को लेकर बिलासपुर में भी बड़ा प्रदर्शन किया गया था। वर्तमान में गांव-गांव में मोर आवास, मोर अधिकार आंदोलन चलाया जा रहा है।
11 फरवरी को जगदलपुर पहुंचने के बाद जेपी नड्डा सबसे पहले आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के दर्शन करने जाएंगे। फिर वहां से डिमरापाल मेडिकल कॉलेज के सामने बन रहे सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल जाएंगे। फिर यहां से जगदलपुर आकर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इस बैठक में बस्तर समेत CG के चुनिंदा भाजपा नेता ही शामिल होंगे। बैठक लेने के बाद लालबाग मैदान में आयोजित आम सभा में शामिल होंगे। केदार कश्यप ने बताया कि, आम सभा में करीब 50 हजार से ज्यादा की भीड़ एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है।