राजनांदगाव प्रवास पर कुमारी सैलजा ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- केंद्रीय जांच एजेंसियों के भरोसे कर रही राजनीति

Chhattisgarh Crimes

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव प्रवास पर गुरुवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा ने सर्किट हाउस में मीडिया से रूबरू हुई। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार व भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के पास कोई नेता नहीं है। पुराने नेताओं को साइड लाइन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने हर वर्ग के विकास में हिस्सा दिया है। जिसके बल पर कांग्रेस दोबारा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। लोकसभा में भी सभी सीटों पर कांग्रेस दावा ठोकेगी।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा के पास कोई विकल्प नहीं है। इसी लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों के भरोसे भाजपा राजनीति कर रही है। इससे यह स्पष्ट है कि भाजपा को लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है। तभी राजनीतिक विराेधियों पर जांच एजेंसी चला रहे हैं। राजनांदगांव सहित सभी छह विधानसभा में कांग्रेसी नेताओं की गुटबाजी के सवाल पर सैलजा ने कहा कि सभी एक परिवार के है। गुटबाजी की शिकायत पर समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी चुनाव में अनुशासनहीनता हुई तो संगठन से सीधे कार्रवाई होगी।

जनता ने बढ़ाया विश्वास

छग प्रभारी सैलजा ने कहा कि पांच साल में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जनता का विश्वास जीता है। प्रदेश की जनता ने सरकार का विश्वास बढ़ाया है। जिसके दम पर कांग्रेस 75 से अधिक सीटों पर जीत हासिल कर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले 15 साल भाजपा का शासन रहा। राजनांदगांव के विधायक भी प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे डा. रमन सिंह थे। पर बीते चुनाव में जनता ने उनकी सरकार को नकार कर कांग्रेस पर भरोसा किया। कांग्रेस ने भी जनता के विश्वास के बल पर काम किया है। गांव हो या फिर शहर सरकार ने काम करके दिखाया है।

घबराहट में की प्रत्याशियों की घोषणा

पत्रकारवार्ता में छग प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश की जनता ही नहीं भाजपा भी मानती है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की दोबारा सरकार बन रही है। इस घबराहट में भाजपा ने जल्दबाजी में प्रत्याशियों की घोषणा की है। कांग्रेस के दावेदारों को लेकर उन्होंने कहा कि वो दावेदारों का चयन करने नहीं आयी हैं। पार्टी का सर्वे चल रहा है। फीडबैक लिए जा रहे हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर चंदन यादव सहित जिले के सभी विधायक उपस्थित थे।