ऐतिहासिक है जगदलपुर का लालबाग मैदान, नेहरू से लेकर इंदिरा, अटल, मोदी भर चुके हैं हुंकार

Chhattisgarh Crimes

जगदलपुर। बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर स्थित ऐतिहासिक लालबाग मैदान देश के कई विशिष्ट जनों की जनसभाओं का साक्षी है। इस मैदान में देश के सात प्रधानमंत्री जनसभा को संबाेधित कर चुके हैं। ज्यादातर चुनावी सभाओं में यही मैदान काम आता है।

शहर के पूर्वी दिशा में स्थित लालबाग मैदान के एक ओर ब्रिटिशकाल में बसाया गया सिविल लाइन है तो दूसरी ओर शहर के बसाहट क्षेत्र को मैदान से अलग करते सड़क गुजरती है। शहर को राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से जोड़ने वाली यह सड़क वर्तमान में गौरवपथ के नाम से जानी जाती है। लालबाग मैदान पहले काफी विस्तारित था वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा इसका क्षेत्रफल लगभग सात लाख वर्गफुट बताया गया है। पुलिस परेड मैदान के रूप में भी इसकी पहचान है।

शहर में वैसे तो हाता मैदान, रेलवे मैदान, सिटी मैदान, मिशन ग्राउंड आदि आधा दर्जन और भी मैदान हैं, लेकिन क्षेत्रफल एवं बहुउद्देशीय उपयोग के मामले में लालबाग मैदान का पहला नंबर है। यह बस्तर संभाग के जिला मुख्यालयों में स्थित सबसे बड़ा मैदान है। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर अब तक हुए 15 प्रधानमंत्रियों में सात प्रधानमंत्री यहां जनसभा को संबोधित कर चुके हैं।

प्रधानमंत्री और एक जननेता के रूप में सर्वाधिक तीन बार इस मैदान में जनसभा को संबोधित करने का श्रेय स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी को है। इंदिरा गांधी और नरेन्द्र मोदी दो-दो बार यहां ऐतिहासिक जनसभा ले चुके हैं। तीन अक्टूबर को नरेन्द्र मोदी दूसरी बार इस मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।

कब किस प्रधानमंत्री ने ली थी सभा

1- पंडित जवाहलाल नेहरू- 13 से 15 मार्च 1955 तक लालबाग मैदान में आयोजित तीन दिवसीय तृतीय राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन का उद्घाटन करने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू आए थे। उन्होेंने यहां ऐतिहासक भाषण दिया था। उन्होंने सम्मेंलन में देश में आदिवासी क्षेत्रोें के विकास की केंद्र सरकार की कार्ययोेजना बताई थी।

2- इंदिरा गांधी- इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए दो बार बस्तर का दौरा किया। लालबाग मैदान में 1972 और 1980 मेें उन्होंने जनसभा को संबोधित किया था। 1980 की उनकी सभा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के संदर्भ में थी।

3- मोरारजी देसाई- केंद्र में जनता पार्टी की सरकार में प्रधानमंत्री रहे मोरारजी देसाई इंद्रावती नदी पर बोधघाट परियोजना की आधारशिला रखने 22 जनवरी 1979 को बस्तर आए थे। उस समय उन्होंने लालबाग मैदान में जनसभा को संबोधित किया था।

4- राजीव गांधी- राजीव गांधी ने वैसे तो बस्तर का तीन बार दौरा किया लेकिन प्रधानमंत्री के रूप में 1985 में बस्तर आए थे। लालबाग मैदान में उन्हाेंने जनसभा को संबोधित किया था। तब वे देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे।

5- विश्वनाथ प्रताप सिंह- प्रधानमंत्री बनने के बाद विश्वनाथ प्रताप सिंह ने 1990 में बस्तर का दौरा किया था। लालबाग मैदान में उन्हाेंने जनसभा को संबोधित किया था।

6- अटल बिहारी बाजपेयी- देश के लोकप्रिय जननेता रहे अटल बिहारी बाजपेयी ने तीन बार बस्तर का दौरा किया। 1984, 1998 और 2003 में वे बस्तर आए थे। तीनों अवसरों पर लालबाग मैदान में जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री के रूप में 2003 में विधानसभा चुनाव के समय उनकी चुनावी जनसभा थी।

7- नरेन्द्र मोदी- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहली बार नौ नवंबर 2018 को विधानसभा चुनाव के समय प्रचार के लिए जगदलपुर आए थे। लालबाग मैदान में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया था। तीन अक्टूबर को होने वाली जनसभा उनकी इस मैदान में दूसरी होगी।

उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने किया था संबाेधित

लालबाग मैदान में उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने 23 सितंबर 2003 को जनसभा को संबोधित किया था। लालकृष्ण आडवाणी के अलावा भी देश की कई जानी-मानी हस्तियां यहां सभाओं को संबोधित कर चुकी हैं।