शराब के नशे में धुत ग्रामीण पर तेंदुए का हमला

Chhattisgarh Crimes

गरियाबंद। जिले में एक बार फिर तेंदुए का आतंक सामने आया है। तेंदुए ने बीती शाम एक अधेड़ पर हमला बोल दिया है। हमले में ग्रामीण बुरी तरह जख्मी हो गया है। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रविवार शाम 7 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुए के हमले से एक अधेड़ घायल हो गया है। अधेड़ के गले के आसपास गहरे घाव के निशान है। अधेड़ को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है। और अब डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।

विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक घायल शंकर (50 वर्ष) जड़जड़ा का निवासी है और कल शाम वह शराब पीकर कुचेना गांव से वापिस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला बोल दिया। कुचेना के ग्रामीणों ने जब इस घटना को देखा तो उन्होंने तेंदुए का पीछा किया और शराब के नशे में धुत शंकर को तेंदुए के कब्जे से छुड़ाया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस और वन विभाग को दी।

बतादे कि कुचेना के आसपास लंबे समय से तेंदुए की आमद बनी हुई है। इससे पहले भी तेंदुआ ग्रामीणों पर हमला बोल चुका है। पिछले साल तेंदुए ने गांव की एक बच्ची को भी अपना शिकार बना लिया था। वन विभाग ने ग्रामीणों को दिन ढलने के बाद अकेले जंगल नही जाने और एहतियात बरतने की हिदायत भी दी थी।