प्रबंधक और कर्मचारी बनाए गए बंधक, धान खरीदी केन्द्र में जोरदार हंगामे के बाद पहुंची पुलिस

Chhattisgarh Crimes

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में किसानों के आक्रोश की खबरें आ रही हैं। धान खरीदी केन्द्र में टोकन की व्यवस्था में आई कमी से नाराज किसानों ने धान खरीदी केन्द्र में ताला जड़ दिया है। समिति प्रबंधक और दूसरे कर्मचारियों को बंधक बना लिया है।

राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है। तनावपूर्ण माहौल की सूचना मिलते ही पुलिस अब मौके पर पहुंच गई है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना मुंगेली के ही दाउपारा धान खरीदी केन्द्र की है। यहां बारदाना की कमी है, जिसके कारण समिति प्रबंधक और कर्मचारी किसानों को धान खरीदी के लिए टोकन नहीं दे रहे हैं। इस बात से किसान बेहद नाराज हैं। नाराजगी की हद यहां तक पहुंच चुकी है कि किसानों ने समिति प्रबंधक और कर्मचारियों को धान खरीदी केन्द्र में ही बंधक बनाकर ताला जड़ दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है। इतना सब कुछ होने के बाद राजस्व की टीम भी मौके पर पहुंची है। फिलहाल, किसानों से बातचीत की कोशिश की जा रही है।