मारुति ने एथेनॉल से चलने वाली वैगन-R पेश की, सिंगल चार्ज में 550 KM चलेगी इलेक्ट्रिक SUV

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। मारुति-सुजुकी का कहना है कि फ्लेक्स फ्यूल वाली वैगन-R 80% तक एथेनॉल मिक्स ईंधन से चलेगी, जो चलाने में पेट्रोल के मुकाबले बेहद सस्ती होगी।

एशिया का सबसे बड़ा ऑटो एक्सपो दिल्ली में शुरू हो गया है। ‘द मोटर शो’ नाम से इसका 16वां एडिशन आयोजित किया जा रहा है। इवेंट में सबसे पहले मारुति ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV कॉन्सेप्ट EVX पेश की। इसके बाद MG मोटर्स ने दुनिया की पहली MPV यानी ज्यादा लोगों को ले जाने वाली गाड़ी लॉन्च की। मारुति फ्लेक्स फ्यूल वाली वैगन-R भी लेकर आई है, जो 80% तक एथेनॉल मिक्स ईंधन से चलेगी।

वैगन-R का फ्लेक्स फ्यूल वर्जन, 20 से 80% एथेनॉल पर चल सकेगी

ऑटो एक्सपो में मारुति ने वैगनआर का फ्लेक्स फ्यूल प्रोटोटाइप पेश किया। यह कार E85 फ्यूल पर चल सकती है। इस तरह की गाड़ियां 20% से 85% तक एथेनॉल ब्लेंडिंग पर चलने के लिए विकसित की गई हैं।

इस तरह की गाड़ियां चलाने में बेहद सस्ती होती हैं, क्योंकि एथेनॉल फ्यूल डीजल-पेट्रोल के मुकाबले बेहद कम दाम पर उपलब्ध होता है। इन गाड़ियों की खास बात यह है कि ये डीजल-पेट्रोल की तरह ही बढ़िया परफॉर्मेंस और बेहतर रनिंग कॉस्ट देती हैं।

मारुति लाई पहली इलेक्ट्रिक SUV, एडवांस्ड कनेक्टिविटी फीचर्स मिलेंगे

इवेंट में सबसे पहला अट्रैक्शन मारुति का रहा। मारुति ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV कॉन्सेप्ट EVX पेश की। इमेजिनेक्स्ट विजन के साथ लाई गई इस कार को लेकर कंपनी का दावा है कि यह सिंगल चार्ज में 550 KM चल सकेगी। EVX मारुति की तरफ से इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में पहली पेशकश है।

लिहाजा, कंपनी ने इस इसके प्रेजेंटेशन में मेटावर्स का इस्तेमाल किया। मारुति का दावा है कि सुजुकी की बनाई नई SUV में परफॉर्मेंस के साथ एडवांस्ड कनेक्टिविटी फीचर्स मिलेंगे। कंपनी ने इलेक्ट्रिक SUV प्रोडक्शन के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का निवेश करने का ऐलान भी किया है।

हुंडई की इलेक्ट्रिक SUV आयनिक-5 लॉन्च, 631 KM की रेंज

भारत की दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता हुंडई मोटर्स ने अपनी आयनिक-5 इलेक्ट्रिक SUV को लॉन्च किया। इस EV में 72.6 KwH का बैटरी पैक दिया गया है। यह बैटरी 214BHP का पावर और 350Nm का टॉर्क जनरेट करती है। फुल चार्ज होने पर इस SUV में 631 किमी का रेंज ​मिलेगी। इसे केवल 18​ मिनट में 80% तक चार्ज किया जा सकता है। कंपनी का कहना है कि इसके लिए 350kW का डीसी चार्जर इस्तेमाल किया जाएगा।

MG ने दुनिया की पहली इलेक्ट्रिक MPV लॉन्च की, 4 सेकेंड में 0-100 की रफ्तार

इधर, MG मोटर्स ने दुनिया की पहली इलेक्ट्रिक MPV पेश की। इसे MIFA-9 (मिफा-9) नाम दिया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि 0 से 100 की रफ्तार महज 4 सेकेंड में पकड़ लेगी। मौजूदा ग्लॉस्टर SUV के साथ यह MG के लाइन अप में सबसे बड़ी कार है। कंपनी ने कहा है कि सिंगल चार्ज में यह 500 KM से ज्यादा चलेगी।