अहमदनगर जिला अस्पताल में लगी भीषण आग, 10 कोरोना मरीजों की जलकर मौत

Chhattisgarh Crimes

मुंबई। महाराष्ट्र में अहमदनगर जिला अस्पताल से एक बुरी खबर आई है। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिला अस्पताल के आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) में आज सुबह भषण आग लग गई, जिसमें दस मरीजों की जलकर मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। अहमदनगर के जिला कलेक्टर राजेंद्र भोसले ने इस घटना की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि यह आग सिविल अस्पताल के कोरोना वार्ड में लगी थी, जिसकी वजह से दस कोरोना मरीजों की जान चली गई।

अहमदनगर नगर निगम के अग्निशमन विभाग के प्रमुख शंकर मिसाल ने कहा कि आग सुबह करीब 11 बजे लगी। फिलहाल, अभी तक आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण शुरू हुआ होगा। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी है।

विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर इस घटना पर दुख जताया है। भाजपा नेता ने कहा कि अहमदनगर से बहुत ही चौंकाने वाली और परेशान करने वाली खबर है। नगर सिविल अस्पताल आग की घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने इस हादसे की गहराई से जांच करने की मांग की और कहा कि सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।