मूणत ने कहा कि भाजपा के कार्यक्रमों में जुट रही भीड़ से बौखलाई हुई है कांग्रेस

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच अपने-अपने सियासी कार्यक्रमों को लेकर खींचतान जारी है। मुद्दा भीड़ के जुटने न जुटने का है। अब कांग्रेस के प्रवक्ता और संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद पर भाजपा के प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है।

एकात्म परिसर में शुक्रवार काे हुई प्रेस मीट में मूणत ने कहा- कांग्रेस के संचार प्रमुख ने प्रधानमंत्री का दौरा रद्द बताकर मानसिक दिवालियापन का परिचय दिया है। उप मुख्यमंत्री सिंहदेव का कबूलनामा कि केंद्र सरकार ने भेदभाव नहीं किया, इससे ये सत्य सामने आ गया है कि कांग्रेसी झूठ के सेल्समैन हैं।

सिंहदेव ने कांग्रेस के झूठ को बेनकाब किया

पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस अफवाह फैला रही थी। मोदी के उसी दौरे में छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री और कांग्रेस का झूठ बेनकाब करते हुए कहा है कि मोदी जी ने छत्तीसगढ़ को बहुत कुछ दिया है, दे रहे हैं और भरोसा है कि आगे भी देते रहेंगे। उप मुख्यमंत्री सिंहदेव ने सबके सामने स्पष्ट किया है कि मोदी जी ने कभी भेदभाव नहीं किया।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर कांग्रेस ने भ्रम फैलाया

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया। यह उनका तुच्छ आचरण और अक्षम्य अपराध है। कांग्रेस की कुंठित और निचले स्तर की मानसिकता को दर्शा रहा है। कांग्रेस के मीडिया प्रमुख ने वीडियो बयान जारी कर कहा कि रायगढ़ के कार्यक्रम में भीड़ नहीं जुटने के कारण प्रधानमंत्री नहीं आ रहे हैं। जबकि, उसी समय सभा-स्थल पर 1 लाख से अधिक का जन समूह एकत्रित था।

कांग्रेस दहशत में, हार का भय

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री मूणत ने कहा कि कांग्रेस में हार का भय और जनता का सामना न कर पाने की दहशत तो है ही। अब वो जनता का सामना नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि उनके शासन में जो भ्रष्टाचार हुआ है उसकी कालिख उन्हें मुंह छिपाए फिरने पर विवश कर रही है। मूणत ने दावा किया है कि भाजपा विधि विभाग कांग्रेस के इन झूठे प्रचारों को लेकर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और थाना प्रभारी (सिविल लाइंस) में लिखित शिकायत दर्ज कराएगी।

कांग्रेस का जवाब

मूणत के बयानों जवाब में सुशील आनंद शुक्ला ने कहा- भाजपा की यात्रा में लोग नहीं आ रहे हैं। सभा में जानता नहीं आ रही है, तिरस्कार कर रही है। उसके लिए कांग्रेस का जनसंपर्क विभाग क्या करेगा? प्रधानमंत्री की सभा को लेकर अखबारों में छप गया कि वह भोपाल से ऑनलाइन जुड़ेंगे, क्योंकि लोगों की भीड़ नहीं थी। शुक्ला ने भाजपा से कहा कि आप अपना होमवर्क सही करिए, जनता आपको नकार रही है।