नगर निगम ने सील किया घर तो गुस्से में महिला ने पेट्रोल डालकर खुद को जलाया

Chhattisgarh Crimes

राजनांदगांव। राजनांदगांव शहर के लखोली में गुरुवार को एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक महिला गंभीर रूप से जल गई। उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Chhattisgarh Crimes

राजनांदगांव के SP प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि लखोली में नगर निगम द्वारा अटल आवास का निर्माण किया गया है। इस आवास में कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है और बिना आवंटन के ही रहने लगे हैं। नगर निगम की टीम ऐसे लोगों का अवैध कब्जा हटाने गुरुवार को लखोली पहुंची थी। यहां महिला यास्मीन बेगम (49) भी अपने 22 साल के बेटे के साथ रहती है। उसे आवास अलॉट नहीं किया गया है, फिर भी वह यहां रह रही है। नगर निगम की टीम ने उसका मकान सील कर दिया। ये देखकर महिला ने घर के बाहर खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की।

महिला के आत्मदाह करने की कोशिश के बाद निगम की टीम मौके से भाग निकली। स्थानीय लोगों ने बताया एक दिन पहले ही महिला ने निगम के अधिकारियों को मौखिक रूप से बताया था कि निगम के कर्मचारी ने ही प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान में रहने के लिए 30 हजार रुपए लिए हैं। उसकी बात को निगम अफसरों ने अनसुना कर दिया था।

महिला ने जब खुद को जलाया, तब सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि किसी को भी कुछ सोचने-समझने का मौका नहीं मिला। आसपास के लोगों ने पहले कपड़े और फिर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। महिला का बयान लेने की कोशिश की जा रही है, लेकिन फिलहाल उसकी हालत ऐसी नहीं है कि उससे कुछ भी बात की जा सके।

महिला ने जैसे ही खुद को जलाया, स्थानीय लोगों ने उस पर पानी डालकर आग पर काबू किया।

नगर निगम ने दिया था घर खाली करने का नोटिस

SP प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि पहले भी अटल आवास में कब्जा करके रह रहे लोगों को नगर निगम द्वारा नोटिस दिया जा चुका है। नगर निगम ने उन्हें खुद ही घर खाली कर देने को कहा था, इसके बावजूद अवैध कब्जाधारकों ने मकान खाली नहीं किया। इसके बाद नगर निगम की टीम यहां कब्जा हटाने पहुंची थी। उन्होंने कहा कि जिस महिला ने आत्मदाह की कोशिश की है, उसकी हालत गंभीर है। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि महिला तलाकशुदा है और कपड़े बेचने का काम करती है।