नदी में डूबे 2 छात्रों का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं

Chhattisgarh Crimes

जांजगीर। जिले में हसदेव नदी में डूबे 2 छात्रों का 24 घंटे बाद भी कुछ पता नहीं चल सका है। मंगलवार को दोनों अपने 6 और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आए थे। मगर नहाने के दौरान वे गहराई में चले गए और डूब गए थे। तब से उनकी तलाश जारी है। बुधवार को SDRF और नगर सेना की टीम छात्रों की तलाश में जुटी हुई है। मामला बलौदा थाना क्षेत्र का है।

विजय अग्रवाल भी बुधवार को मौके पर पहुंचे थे।

बलौदा निवासी प्रांजल देवांगन(17) और दिव्यांशु कटकवार(16) अपने 6 और दोस्तों के साथ मंगलवार को पिकनिक स्पॉट देवरी चिचोली गए थे। यहां सभी ने पहले खाना खाया। इसके बाद दिव्यांश और प्रांजल हसदेव नदी में नहाने चले गए थे।

बताया जा रहा है कि दिव्यांश और प्रांजल नदी में जिस वक्त नहाने गए थे। बाकी के दोस्त बाहर ही घूम रहे थे। दोनों नहा रहे थे। इसी बीच दोपहर को करीब 3 बजे दोनों के चिल्लाने की आवाज आने लगी। दोनों गहराई में चले गए थे। इसी दौरान बाकी के साथियों ने उन्हें डूबता हुआ देखा। इस पर कुछ ने नदी में छलांग भी लगाई। मगर तब तक दोनों नदी में डूब चुके थे।

इसके बाद छात्रों ने दोनों की काफी तलाश की। लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस बीच इन्हीं छात्रों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। जिसके बाद गोताखोर और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फिर रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया गया। मगर देर शाम तक दोनों का कुछ पता नहीं चल सका।

इधर, बुधवार सुबह से एसडीआरएफ और नगर सेना की टीम ने दोनों की तलाश शुरू की। लेकिन बुधवार शाम 5 बजे तक दोनों का कुछ पता नहीं चल सका है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर है।परिजन भी मौके पर हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।