CWC में छत्तीसगढ़ से केवल ताम्रध्वज साहू : फूलोदेवी नेताम मल्लिकार्जुन खड़गे की टीम में स्थायी सदस्य बनीं

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। कांग्रेस वर्किंग कमेटी का ऐलान आज हो गया है। CWC की इस लिस्ट में 39 नाम शामिल हैं, जिसमें छत्तीसगढ़ से केवल ताम्रध्वज साहू का ही नाम है। वहीं मल्लिकार्जुन खड़गे की टीम में फूलोदेवी को स्थाई सदस्य बनाया, जिसमें 18 कांग्रेस नेताओं के नाम हैं।

ताम्रध्वज साहू के बारे में जानें

छत्तीसगढ़ सरकार में गृहमंत्री हैं। किसान परिवार से नाता रखने वाले ताम्रध्वज साहू ने अपनी सियासी पारी की शुरुआत मध्यप्रदेश विधानसभा में 1998-2000 के बीच की थी। छत्तीसगढ़ के गठन के बाद 2003 और 2008 के चुनाव जीतकर साहू छत्तीसगढ़ विधानसभा सदस्य बने। वे 2000-2003 तक छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री रहे। 2013 के चुनाव में वह अपनी बेमेतरा सीट से भाजपा के अवधेश चंदेल से हार गए। इसके बाद के लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के इकलौते विजयी प्रत्याशी बने। साल 2014 में मोदी लहर के बीच वे लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की दुर्ग सीट से जीत दर्ज कर सांसद बने। उन्होंने भाजपा की वर्तमान राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय को हराया था।

साल 2018 के चुनाव में दुर्ग विधानसभा सीट पर ताम्रध्वज साहू ने भाजपा के जोगेश्वर साहू को 27,112 वोटों से हराया। शांत और सरल स्वभाव के माने जाने वाले साहू का विवादों से दूर-दूर तक नाता नहीं रहा। वह राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं। राहुल गांधी ने ही पहले उन्हें छत्तीसगढ़ ओबीसी मोर्चे का अध्यक्ष और फिर केंद्रीय कार्य समिति में शामिल किया था।

कांग्रेस से जारी CWC की लिस्ट।

वर्किंग कमेटी में 39 सदस्यों को शामिल किया गया है।