नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों के खिलाफ हुई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई के एक दिन बाद नारायणपुर में नक्सलियों ने कायराना करतूत का अंजाम दिया है। नक्सलियों ने यहां एक भाजपा नेता की हत्या कर दी है।
खबरों के अनुसार बड़ी संख्या में नक्सली नारायणपुर के दंडवन ग्राम में मंगलवार बीती रात लगभग 11 बजे भाजपा कार्यकर्ता और उपसरपंच पंचम दास मानिकपुरी उर्फ गोलू शक्तिकेंद्र सह संयोजक के घर आ धमके। नक्सली भाजपा नेता के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद नक्सलियों ने मौके पर एक पर्चा भी छोड़ा है। नक्सलियों ने इस पर्चे में मृतक भाजपा नेता पर भ्रष्टाचार के साथ पुलिस के लिए मुखबिरी करने आरोप लगाया है। नक्सलियों ने पर्चे में लिखा कि कई बार चेतावनी दिए जाने के बाद भी मृतक भाजपा नेता पुलिस के लिए मुखबिरी कर रहा था। इस वजह से उसकी हत्या करने का निर्णय लिया।
एडिशनल एसपी राबिंसन गुड़िया ने इस घटना की पुष्टि की है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस ने इलाके में सर्चिंग तेज कर दी है।