भाजपा के लोग गोडसे के अनुयायी, प्रदेश की समृद्धि देख नहीं पा रहे : भूपेश बघेल

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रदेश में जंगलराज के बयान के बाद CM भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। मुख्यमंत्री बघेल ने शुक्रवार को कहा कि हम गांधी के अनुयायी हैं और वो (भाजपा के लोग) गोडसे के हैं। उन्हें साल 2017 के आंकड़ों पर भी गौर करना चाहिए, जब प्रदेश में उनकी सरकार थी। उस समय बिहार की तुलना में छत्तीसगढ़ में 350 अधिक हत्याएं हुई थीं। छत्तीसगढ़ जैसे शांत प्रदेश को अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए बदनाम किए जाने को मैं सही नहीं मानता। वो छत्तीसगढ़िया लोगों की समृद्धि नहीं देख पा रहे हैं।

बालोद रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि बिहार से छत्तीसगढ़ की तुलना कर रहे हैं। बिहार में तो भाजपा के गठबंधन की ही सरकार है। मतलब वो मानते हैं कि वहां गड़बड़ है। आज भी हत्या के मामले में बिहार, एमपी, हरियाणा, गुजरात ये देश के टॉप राज्य हैं। देश के राज्यों में क्राइम को लेकर सर्वे हुआ था। हमारा छत्तीसगढ़ अंतिम 6 राज्यों में है। हत्या के प्रयास के मामले में प्रदेश 18वें स्थान पर है। 2017 में प्रदेश बलात्कार के मामले में 5वें स्थान पर था, अब 12वें स्थान पर है।

उनकी सरकार में तो केस दर्ज ही नहीं होते थे

मुख्यमंत्री बघेल ने आगे कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी, वो अपनी छवि चमकाने के लिए केस ही दर्ज नहीं करते थे। हम लोगों को जागरूक कर रहे हैं। न सिर्फ केस दर्ज कर रहे हैं बल्कि जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर उन्हें सजा दिलाने का काम कर रहे हैं। बलात्कार की बात करें तो साल 2017 में दर 6.4 प्रतिशत थी, अब वो घटकर 3.5 यानी की आधी रह गई है।

अंग्रेजों के तलवे चाटने वाले हमसे सवाल पूछेंगे

नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा था कि राहुल गांधी अपनी वंशावली बताएं? इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अंग्रेजों के तलवे चाटने वाले हमसे सवाल पूछेंगे। गोडसे या सावरकर के बारे में बात करें तो अच्छा होगा। गांधी-नेहरू परिवार ने देश के लिए कुर्बानी दी है। ये बात पूरी दुनिया और देश जानता है। बुधवार को राहुल गांधी ने कहा था कि RSS के लोग हिंदू नहीं हैं, वो सिर्फ हिंदुओं का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए करते हैं। इसी वजह से कौशिक ने राहुल गांधी की वंशावली पूछकर उन्हें हिंदुओं से डरने वाला बता दिया था।