छत्तीसगढ़ में भी सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल, पांच से छह रुपये कटौती का प्रस्ताव तैयार, 22 नवम्बर को कैबिनेट में होगा फैसला

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भी पेट्रोल-डीजल के दाम कुछ और सस्ते हो सकते हैं। वाणिज्यिक कर विभाग ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेज दिया है। बताया जा रहा है, पेट्रोल – डीजल पर पांच से छह रुपए तक की कटौती हो सकती है। इसका फैसला 22 नवम्बर को होने वाली राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में होना है।

वाणिज्यिक कर मंत्री टीएस सिंहदेव ने बुधवार को बताया, उनके विभाग ने कटौती का प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है। फैसला मुख्यमंत्री को लेना है। 22 नवम्बर को कैबिनेट की बैठक है। इसी में विभाग के प्रस्ताव पर चर्चा कर कुछ फैसला होगा। बताया जा रहा है, केंद्र सरकार की ओर से एक्साइज ड्यूटी में कटौती के बाद राज्य सरकार दबाव में है। उसे राजस्व संसाधन की भी चिंता है वहीं घरेलू राजनीति में मतदाताओं को साधे रखने के लिए पेट्रोल-डीजल को सस्ता बनाये रखने की अपनी जिम्मेदारी भी दिखानी है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कटौती के संकेत दिये थे। उन्होंने कहा था, छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल के दाम सभी पड़ोसी राज्यों से कम होंगे। इसके लिए सभी राज्यों की दरों का अध्ययन भी कराया जा रहा है।

25% VAT लेती है राज्य सरकार

डीजल और पेट्रोल पर नया वस्तु एवं सेवाकर (GST) लागू नहीं है। इसपर केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी और सेस लगाती है। वहीं राज्य सरकारें VAT (वैल्यू एडेड टैक्स) लगाती हैं। छत्तीसगढ़ में सरकार दोनों पेट्रोलियम उत्पादों पर 25% VAT लगता है। इसकी दरें आखिरी बार 2018 में तय हुई थीं। उसके बाद इसे कभी छेड़ा नहीं गया।

पड़ोसियों में उत्तर प्रदेश अभी सबसे सस्ता

राजधानी रायपुर में बुधवार को प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत 101.88 रुपए थी। वहीं डीजल 93.86 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा था। पड़ोसी प्रदेशों में सबसे सस्ता उत्तर प्रदेश है। लखनऊ में पेट्रोल 95.25 और डीजल 86.78 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। महराष्ट्र में पेट्रोल सबसे महंगा है। मुंबई में पेट्रोल 109.98 रुपए प्रति लीटर और डीजल 94.14 रुपया प्रति लीटर की दर पर बिक रहा है।