सोनिया से मिलकर रायपुर लौटे सिंहदेव, बोले – अभी कहने को कुछ नहीं

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव बुधवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिले हैं। उन्हें पार्टी अध्यक्ष ने ही मिलने बुलाया था। रायपुर लौट कर सिंहदेव ने कहा, मुलाकात हुई है। लेकिन अभी ऐसा कुछ भी कहने को नहीं है।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पारिवारिक काम से भोपाल में थे। उन्हें बुधवार को रायपुर लौटना था। यहां अनुसूचित क्षेत्रों में पंचायत राज कानून के विस्तार संबंधी अधिनियम के नियम बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी। इसी बीच कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के कार्यालय से सिंहदेव को बुलावा आया। उसके बाद वे रायपुर न आकर भोपाल से सीधे दिल्ली पहुंचे।

बुधवार दोपहर में उन्होंने सोनिया गांधी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच बातचीत का ब्यौरा सामने नहीं आया है। रायपुर लौटकर टीएस सिंहदेव ने भी इस पर कुछ बोलने से इन्कार किया। उन्होंने सवाल को टालते हुए कहा, अभी ऐसा कुछ भी कहने को नहीं है। हवाई अड्‌डे से सिंहदेव सीधे सर्किट हाउस पहुंचे जहां पेसा कानून पर चर्चा हो रही है।