3 लाख से ज्यादा नगदी के साथ 27 जुआरियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

कांकेर। जिले में पुलिस ने छिंदपाल गांव में दबिश देकर जुआ खेल रहे 27 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। जुआरियों के पास से करीब 3 लाख से ज्यादा की नगदी भी बरामद की गई है। साथ ही 19 मोबाइल, 1 दोपहिया वाहन और 3 बड़ी गाड़ियां भी जब्त की है। मामला जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, जिले के पखांजुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़गांव थाना क्षेत्र के छिंदपाल गांव के जाड़ा पारा में जुआरियों की महफिल जमी है। इसी सूचना के आधार पर पखांजूर पुलिस ने बड़गांव पुलिस को जानकारी दी और दोनों थानों की पुलिस ने टीम बनाई और रेड की कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि, इलाका नक्सल प्रभावित क्षेत्र था। इसलिए जुआरियों को उम्मीद थी कि, यहां पुलिस की रेड नहीं पड़ेगी। इसलिए भारी संख्या में यहां जुआरी 52 पत्तियों का खेल, खेल रहे थे। जुआरियों ने जमकर जाम भी छलकाए । इसी बीच दिवाली की आधी रात पुलिस ने जुआरियों को चारों तरफ से घेर लिया और 27 जुआरियों को दबोच लिया।

हालांकि, जुआरियों की संख्या और अधिक थी। लेकिन, अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ जुआरी भाग निकले। पुलिस ने मौके से 3 लाख से ज्यादा की रकम बरामद की। दिवाली के दूसरे दिन इस मामले पर लगातार कार्रवाई चलती रही। पुलिस ने मंगलवार की देर शाम प्रेस नोट और तस्वीरें जारी कर मीडिया को कार्रवाई की जानकारी दी।

दरअसल, कांकेर SP सलभ सिन्हा ने जिले के सभी थानों के थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि इलाके में जुआ पर लगाम लगाएं। SP के निर्देश के बाद जिले के सभी थानों में जुआरियों को पकड़ने पुलिस लगातार पेट्रोलिंग भी करती रही। साथ ही अलग-अलग जगहों से कई और जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है।