नशे में धुत होकर दे रही थी गाली, गुस्से में दूसरी महिला ने कर दिया कत्ल

Chhattisgarh Crimes

बलरामपुर-रामानुजगंज। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में एक महिला ने दूसरी महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी। दोनों महिलाओं के बीच आपसी रंजिश थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के बलंगी पुलिस चौकी अंतर्गत नवाटोला का है।

जानकारी के मुताबिक, नवाटोला की रहने वाली महिला फूलकुंवर पंडो (35 वर्ष) शुक्रवार को अपने खेत में रोपा लगाने के लिए धान का बीड़ा लेने गई थी। दोपहर में वापस घर लौट रही थी। रास्ते में उसे गांव की महिला हिरमनिया पंडो (42 वर्ष) मिली, जो शराब के नशे में धुत थी। दोनों के बीच आपसी रंजिश थी, जिसकी वजह से हिरमनिया ने फूलकुंवर के साथ गालीगलौज करनी शुरू की। इससे फूलकुंवर को गुस्सा आ गया और उसने हिरमनिया पर गंड़ासे से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद गांववाले और परिजन मौके पर पहुंचे और घटना में गंभीर रूप से घायल हिरमनिया को रघुनाथनगर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। शव के हाथ, चेहरे और पीठ पर गंड़ासे के गंभीर वार मिले हैं।

आरोपी ने चौकी पहुंचकर किया सरेंडर

इधर वारदात के बाद आरोपी खुद बलंगी चौकी पहुंच गई और हत्या की बात स्वीकार कर ली। ​​​​​​​पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ IPC की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।