दुष्कर्म के बाद किशोरी की बेरहमी से हत्या, मामले में दंपत्ति गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

अंबिकापुर। अंबिकापुर के मणिपुर चौकी के ठीक सामने किशोरी की हत्या और दुष्कर्म के मामले में जिस फरार दंपती पर संदेह जताया जा रहा था, वही आरोपित निकले। मूलतः पत्थलगांव के बाकारुमा निवासी आरोपित रेशम लाल राठिया (30) ने पत्नी सीमा राठिया (27)के सहयोग से किशोरी के साथ शराब के नशे में दुष्कर्म किया था। पीड़िता द्वारा घटना की जानकारी स्वजन को देने के डर से पत्नी के सहयोग से उसने किशोरी की उसी के दुपट्टा से गला घोंट हत्या कर दी थी। स्कूटी से रात को ही वे शहर से फरार हो गए थे। मंगलवार को हत्या और दुष्कर्म के आरोप पर पुलिस ने दोनों को रायगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।

सरगुजा पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने संगीन घटना का पर्दाफाश करते हुए बताया कि किशोरी की लाश मिलने के बाद अलग-अलग टीमों को जांच पर लगाया गया था। किशोरी की जब पहचान हुई तो पता चला कि मैनपाट क्षेत्र से आकर वह चेउरपारा में रिश्तेदार के यहां रहकर मजदूरी करती थी। उसी रिश्तेदार के घर आरोपित रेशम लाल राठिया और उसकी पत्नी सीमा राठिया भी किराए में रहते थे। घटना दिवस को मृतका भी उसी के साथ काम पर गई थी लेकिन वह वापस नहीं लौटी। रात को ही दंपती घर छोड़कर फरार हो चुके है। इससे पुलिस का शक गहरा गया। दोनों की खोजबीन के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया।

उनका मोबाइल लोकेशन लगातार बदल रहा था। आखिरी में दोनों रायगढ़ पहुंच गए थे। रायगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र में उनकी मौजूदगी की सूचना पर पुलिस की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर अंबिकापुर लाया है। इनके खिलाफ हत्या और दुष्कर्म का अपराध भी दर्ज कर लिया गया है। पूरी कार्रवाई में एएसपी विवेक शुक्ला,सीएसपी अखिलेश कौशिक के साथ थाना प्रभारी कोतवाली भारद्वाज सिंह,थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक अलरिक लकड़ा,मणिपुर चौकी प्रभारी अनिता आयाम,उपनिरीक्षक सरफराज फिरदौसी, ओपी यादव,एएसआइ भूपेश सिंह के साथ पुलिस टीम सक्रिय रही और दुष्कर्म तथा अंधे कत्ल के मामले का राजफाश कर दिया।

पत्नी के सहयोग से किया दुष्कर्म घटना दिवस को मृतका किशोरी, आरोपितों के साथ गांड़ाघाट निर्माण कार्य में मजदूरी करने गई थी। शाम छह बजे तक वे मजदूरी किए थे। वापसी में आरोपितों ने महुआ शराब खरीदा था। घटनास्थल पर आरोपितों ने शराब सेवन किया। उसी दौरान आरोपित रेशम लाल राठिया की नीयत डोल गई। उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपित की पत्नी ने भी पति का साथ देना शुरू कर दिया आरोपित द्वारा दुष्कर्म से व्यथित किशोरी द्वारा स्वजन को घटना की जानकारी देने की बात कहने पर आरोपितों ने उसी के दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी और यहां से भाग निकले।एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि मृतका ने शराब सेवन किया था या नहीं इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

बिलासपुर होते रायगढ़ में ढूंढ लिया था मकान घटना 22 मई की रात 10 से 12 बजे की थी। आरोपितों ने देर रात किराए के मकान पर जाकर थोड़ा बहुत सामान लिया और फरार हो गए।यहां से बिलासपुर,जांजगीर-चांपा होते आरोपितों के खरसिया पहुंचने की पुख्ता जानकारी भी पुलिस को मिल चुकी थी। वहां की पुलिस से संपर्क भी कर लिया गया था। इसके पहले ही आरोपित खरसिया से रायगढ़ पहुंचकर किराए का मकान खोजकर रहने की तैयारी कर रहे थे। उसी दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उंन्हे पकड़ा। एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि आरोपितों ने घटना की सिलसिलेवार जानकारी दे दी है। शराब सेवन करना भी स्वीकार किया है। आरोपित का साथ पूरी घटना में उसकी पत्नी ने भी दिया है।