पुलिस बोली- कार मालिक से पत्नी का अवैध संबंध का शक; उसकी कंपनी में असिस्टेंट-मैनेजर है महिला
भिलाई। भिलाई में कार बम ब्लास्ट का आरोपी कार मालिक की कंपनी में काम करने वाली महिला का पति निकला। उसे उसकी पत्नी और मालिक के बीच अवैध संबंध का शक था। इसके चलते सबक सिखाने के लिए उसने उसकी कार में बम लगाकर रिमोट से उड़ा दिया। आरोपी देवेंद्र सिंह कंप्यूटर इंजीनियर है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने घटना के बारे में बताया कि 28 जनवरी की शाम महोबिया बिल्डर्स के संचालक प्रकाश महोबिया के भांजे संजय बुंदेला की कार में किसी ने सुतली बम के बारूद से धमाका किया था। संजय बुंदेला की शिकायत पर स्मृति नगर पुलिस चौकी में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार को फोरेंसिक से जांच करवाई।
देवेंद्र ने संजय से कहा था पत्नी को नौकरी पर न रखे
अगले दिन 29 जनवरी को पुलिस को पता चला कि संजय बुंदेला की कंपनी में रामनगर की रहने वाली एक महिला पूजा सिंह असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत है। पूजा सिंह का पति देवेंद्र सिंह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता है और उस पर संजय बुंदेला के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाता था।
मामला दूसरा रूप ना ले इसके चलते पूजा सिंह को नौकरी से निकाल दिया गया था। बाद में संजय ने महिला की स्थिति पर तरस खाया और उसके कहने पर उसे दोबारा नौकरी पर रख लिया गया। इससे देवेंद्र का शक और बढ़ गया। देवेंद्र ने संजय को कहा था कि वो उसकी पत्नी को नौकरी पर ना रखे। पत्नी पर भी दबाव बनाया था कि वो वहां नौकरी ना करे। जब पत्नी नहीं मानी तो उसने संजय बुंदेला की कार में बारूद फिट कर उसमें ब्लास्ट कर दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी देवेंद्र कंप्यूटर इंजीनियर है। उसने सुतली बम के बारूद को स्टील की बॉटल में भरकर वायर से कनेक्ट किया। इसके बद उसमें छोटी बैट्री लगाकर उसमें करंट सप्लाई दी।
फिर उस विस्फोटक डिवाइस को खिलौने के रिमोट से कनेक्ट किया। इसके बाद बनाए गए रिमोट बम को संजय बुंदेला की कार में लगा दिया। इसके बाद वहां से दूर गया और रिमोट से विस्फोट कर दिया। धमाका इतना तेज था कि वहां का पूरा एरिया दहल गया था।
आरोपी ने कबूल किया जुर्म
पुलिस ने जब देवेंद्र को उसके घर से गिरफ्तार किया तो उसने गोलमोल जवाब दिया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने कहा कि उसे संजय और उसकी पत्नी के बीच अवैध संबंध होने की आशंका थी। इसके चलते उसको सबक सिखाने के लिए उसने ऐसा किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पूजा ने पति की शंका को बताया गलत
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पूजा सिंह, संजय बुंदेला, प्रकाश महोबिया और अन्य कई लोगों से बयान लिया है। पूजा सिंह खुद बुधवार शाम को स्मृति नगर पुलिस चौकी बयान दर्ज कराने पहुंची थी। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि संजय और उसके बीच केवल प्रोफेशनल रिश्ते थे। उसके पति को उसने समझाया भी था, लेकिन वो शक कर रहा था।