आज से शुरू हुआ सावन का पावन महीना, भगवान शिव के इन मंत्रों के जाप से पूरी होगी हर मनोकामना

Chhattisgarh Crimes

आज से भगवान शिव को अतिप्रिय श्रावण यानि सावन का महीना शुरु हो गया है। सावन महीने को शिव भक्ति के लिये जाना जाता है। इस दौरान चारों तरफ भोले बाबा के नाम की गूंज सुनाई देती है। शिव भक्त इस दौरान पूरी तरह से शिव की साधना में लीन होते हैं। कहते हैं माता पार्वती ने भी शिव जी को पति के रूप में पाने के लिए सावन महीने में ही कठोर तप किया था और उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने माता पार्वती को पत्नी के रूप में स्वीकार किया। लिहाजा अच्छे वर की प्राप्ति के लिये इस महीने में भगवान शिव की पूजा-अर्चना जरूर करनी चाहिए। इसके अलावा सावन में इन शिव मंत्रों का जाप करने से भी विशेष शुभ फलों की प्राप्ति होती है।

1. हर प्रकार का सुख और वैभव पाने के लिए आपको शिवजी के अघोर मंत्र का नित्य 11 बार जाप करना चाहिए। मंत्र है- ऊँ अघोरेभ्यो अथघोरेभ्यो, घोर घोर तरेभ्यः। सर्वेभ्यो सर्व शर्वेभ्यो, नमस्ते अस्तु रूद्ररूपेभ्यः।।

2. शिक्षा के क्षेत्र में सफलता पाने के लिए आपको भगवान शिव के इस मंत्र का नित्य 51 बार जप करना चाहिए। मंत्र है- ऊँ शं शंकराय भवोद्भवाय शं ऊँ नमः।

3. जीवनसाथी के साथ रिश्तों में मिठास बनाए रखने के लिए आपको शिवजी के इस मंत्र का रोजाना 108 बार जप करना चाहिए। मंत्र है- ऊँ शिवाय नमः ऊँ।

4. अपने बिजनेस की गति बढ़ाने के लिए साथ ही आप चाहते हैं कि आपका बिजनेस दूसरे शहरों तक जाये तो सावन महीने के दौरान रोजाना आपको भगवान शिव के इस मंत्र का 216 बार जप करना चाहिए। मंत्र है- ऊँ शं शिवाय शं ऊँ नमः।

5. नौकरी में पदोन्नति के साथ सैलरी में बढ़ोतरी पाना चाहते है तो सावन महीने के दौरान आपको भगवान शंकर के इस मंत्र का रोजाना 21 बार जप करना चाहिए। मंत्र है- नमामिशमीशान निर्वाण रूपं। विभुं व्यापकं ब्रह्म वेद स्वरूपं।।

6. अपने स्वास्थ्य को उत्तम बनाए रखने के लिए या काफी पहले से चली आ रही स्वास्थ्य संबंधी समस्या से छुटकारा पाने के लिए सावन महीने के दौरान आपको शिव जी के त्र्यम्बक मंत्र का नित्य 31 बार जप करना चाहिए। मंत्र है- ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्। उर्वारुकमिव बन्धनान् मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥

7. अपनी आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए सावन महीने के दौरान आपको भगवान शिव के इस मंत्र का नित्य रूप से 51 बार जप करना चाहिए। मंत्र है- ऊँ शं भवोद्भवाय शं ऊँ नमः।।

8. मनचाहा वर या बधू पाने के लिए सावन महीने के दौरान आपको शिव जी के इस मंत्र का रोजाना 11 बार जप करना चाहिए। मंत्र है-

निजं निर्गुणं निर्विकल्पं निरीहं। चिदाकाश माकाश वासं भजेऽहं।।

9. अपने करियर में एक ऊंचा मुकाम पाने के सावन महीने के दौरान आपको शिव जी के इस मंत्र का रोजाना 111 बार जप करना चाहिए। मंत्र है-
ऊँ शं विश्वरूपाय अनादि अनामय शं ऊँ।

10. ऑफिस में बैक-बाईटिंग से बचने के लिए सावन महीने के दौरान आपको भगवान शंकर के इस मंत्र का 21 बार रोजाना जप करना चाहिए। मंत्र है- ऊँ क्लीं क्लीं क्लीं वृषभारूढ़ाय वामांगे गौरी कृताय क्लीं क्लीं क्लीं ऊँ नमः शिवाय।।

11. अपने पड़ोसियों और रिश्तेदारों से अच्छे रिश्ते बनाए रखने के लिए सावन महीने के दौरान आपको भगवान शिव के इस मंत्र का रोजाना 366 बार जप करना चाहिए। मंत्र है- ऊँ शं शं शिवाय शं शं कुरु कुरु ऊँ।।