बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, दोनों की मौत

Chhattisgarh Crimes

बलौदाबाजार। जिले में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक ने पति-पत्नी को रौंद दिया। दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। उनके शरीर बुरी तरह से कुचल गए। महिला का शव कई टुकड़ों में सड़क पर पड़ा था। मामला कसडोल थाना क्षेत्र का है।

सड़क पर कई टुकड़ों में बिखर गया महिला का शव। हाथ-पैर, सिर और धड़ भी अलग हो गए।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम चरौदा के रहने वाले रितेश जोशी अपनी पत्नी अंजू जोशी के साथ मंगलवार सुबह घरेलू सामान की खरीदारी करने के लिए कसडोल गए हुए थे। करीब 10 बजे वे वापस चरौदा लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे 130 (बी) पर कसडोल मुख्य मार्ग के गुरुघासीदास चौक के पास बाइक सवार दंपति को ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया।

महिला ट्रक में बुरी तरह से फंसी

हादसे में बाइक चला रहा पति दूर जा गिरा, वहीं पत्नी ट्रक में बुरी तरह से फंस गई। ट्रक चालक करीब 100 मीटर की दूरी तक महिला को घसीटता रहा। इसके बाद महिला के ऊपर से ट्रक को चलाते हुए आगे निकल गया। महिला का पूरा शरीर कई हिस्सों में सड़क पर बिखर गया। उसका सिर, धड़, हाथ-पैर सब अलग हो गए। पूरी सड़क खून से लथपथ हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल पति ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर पड़े महिला के शव के टुकड़ों को समेट कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृत पति रितेश जोशी के शव को भी पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं फरार ड्राइवर की तलाश जारी है।