बीमारी का बहाना बनाकर मकान मालिक से 2 लाख के गहने लेकर भागे, शातिर दंपती गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

​​​​​​​कवर्धा। कवर्धा में एक शातिर दंपती ने अपनी ही मकान मालिक महिला से 2 लाख रुपए से ज्यादा के गहने ठग लिए। आरोपी पति-पत्नी कुछ दिन पहले किराये पर रहने के लिए पहुंचे। फिर बातों में मकान मालिक महिला को फंसा लिया। इसके बाद बीमारी का बहना बनाया और गहने लेकर भाग निकले। महिला की शिकायत पर पुलिस ने भी तत्परता दिखाई और चंद घंटों बाद ही पति-पत्नी को दूसरा शिकार बनाते ही धर दबोचा।

जानकारी के मुताबिक, लोहार के राजमहल चौक निवासी अन्नू शुक्ला पत्नी नंद कुमार शुक्ला के मकान में कुछ दिन पहले पति-पत्नी किराये पर रहने के लिए पहुंचे। उन्होंने अपना नाम कृष्ण कुमार लोधी, पत्नी का नाम जोगासन बाई और पता राजनांदगांव के खैरागढ़ में खतराई का बताया। पति-पत्नी दोनों बहुत अच्छे से रहे और मकान मालिक से भी अच्छी-अच्छी बातें करते। कुछ समय में ही दोनों ने उनका भरोसा जीत लिया।

आरोप है कि इसके बाद दंपती ने मकान मालिकिन अन्नू शुक्ला से बीमार होने का बहाना बनाया। झांसा दिया कि इलाज के लिए अभी रकम दे दें, बाद में गांव की जमीन बेचकर लौटा देंगे। उनकी बातों में आकर अन्नू शुक्ला ने आरोपियों को करीब डेढ़ तोले का सोने का हार, करीब साढे़ आठ ग्राम सोने का झुमका, चांदी की पायल, चांदी का करधन मशरूका, 53000 रुपए सहित 2.03 लाख के गहने दे दिए। इसके बाद आरोपी सभी सामान लेकर भाग निकले।

कई दिनों तक जब आरोपी दंपती का कुछ पता नहीं चला और संपर्क नहीं हुआ तो रविवार को अन्नू पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू की। तभी पता चला कि ग्राम छोटूपारा में एक दंपती किराये के मकान की तलाश कर रहे हैं। उनका हुलिया भी आरोपियों से मिलता है। इस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को घूमते हुए पकड़ लिया। उनके पास से गहने बरामद हुए हैं। यह भी सामने आया है कि दंपती ने अन्य जगह भी ऐसी ठगी की है। उसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।

Exit mobile version