हुंकार रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा- हम घर में घुसकर हमला करते हैं

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ BJP महिला मोर्चा की महतारी हुंकार रैली में शामिल होने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बिलासपुर पहुंचीं। रैली में शामिल होने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए स्मृति ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हम घर में घुसकर वार करते हैं। अंग्रेजी में A फॉर अमेठी और B फॉर बिलासपुर और अब C फॉर छत्तीसगढ़ होगा। उनका आशय अमेठी के बाद अब बिलासपुर और छत्तीसगढ़ में जीत का था। उन्होंने कहा हाथ में गंगाजल लेकर छलने निकले कांग्रेस नेता बताएं महिलाओं के साथ लगातार अत्याचार, अपराध क्यों हो रहे हैं। जनता की तिजोरी कैसे लूटी जाए इसमें सरकार की रुचि है।

बीजेपी की महिला नेत्रियों ने रैली के दौरान जमकर नारेबाजी की।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वो भाजपा के सवालों का जवाब नहीं देंगे। मैं सरकार से पूछना चाहती हूं कि विपदा की घड़ी में एक तरफ मोदी घर-घर अनाज पहुंचा रहे थे, दूसरी तरफ यहां सरकार लोगों के घर में शराब पहुंचा रही थी। सब जानते हैं कि यहां कि सरकार का रिमोट कंट्रोल किसके हाथ में है। सत्ता हो या संगठन ये केवल पैसे लूटने का काम करते हैं। मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की गरीब जनता ने क्या पाप किया, सरकार ने 16 लाख परिवारों की छत छीन ली।

स्मृति ने सभा से पहले मंच पर छत्तीसगढ़ महतारी को पुष्प अर्पित किए।

जनसभा को संबोधित करने के पहले वहां मंच पर बीजेपी के महिला नेत्रियों ने केंद्रीय मंत्री को फूल की माला पहनाई। मंच के अलावा आस-पास जनसभा में बड़ी संख्या में भीड़ मौजूद थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही केंद्रीय मंत्री मंच पर पहुंची कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। मंच पर केंद्रीय मंत्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, सांसद सरोज पांडेय, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, रमन सिंह समेत तमाम नेता मौजूद रहे।।

इसके पहले जनसभा में मंच को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि यह हुंकार नही पहाड़ रैली है, दहाड़ रैली शुरू हो गई है, सरकार अपना बोरिया बिस्तर बांध ले। सिंह ने कहा कि जब सरकार बनानी थी तब शराब बंदी की बात कही थी, लेकिन अब घर घर शराब बिक रही है। प्रदेश अध्यक्ष साव ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेसियों ने सुना है स्मृति ईरानी आ रही हैं तब से वे थर- थर कांप रहे हैं, डर गए हैं। डरना भी चाहिए, ये वही स्मृति ईरानी हैं जिन्होंने अमेठी में कांग्रेस के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी को पटखनी दी थी।