रायपुर से नागपुर 4 घंटे में पहुंचेगी वंदेभारत एक्सप्रेस, बिलासपुर पहुंची, परीक्षण के बाद होगी नागपुर रवाना

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। बिलासपुर-नागपुर के बीच 130 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस 11 दिसंबर से चलेगी। हाई स्पीड ट्रेन केवल चार घंटे में रायपुर से नागपुर पहुंचेगी। अभी रायपुर से सुपर फास्ट ट्रेनों में नागपुर पहुंचने में छह से 7 घंटे लग जाते हैं। यानी यात्रियों के 2 घंटे तक बचेंगे।

वंदे भारत ट्रेन का इंतजार बुधवार को समाप्त हो गया। देर रात 12:31 बजे ट्रेन बिलासपुर पहुंच गई। यह ट्रेन कोचिंग डिपो में परीक्षण के बाद गुरुवार को नागपुर रवाना होगी। बिलासपुर से नागपुर के बीच चलने वाली यह ट्रेन 130 किमी प्रति घंटे की गति से दौड़ेगी। वंदे भारत को बिलासपुर तक इतनी ही रफ्तार से चलाने के लिए ही बुधवार को ही सेफ्टी कमिश्नर ने अनुमति दी है। पहले केवल इस गति से ट्रेन चलाने के लिए नागपुर से दुर्ग तक हरी झंडी थी। दुर्ग से बिलासपुर तक मंजूरी सेफ्टी कमिश्नर के पास लंबित थी। जोन को एक साथ दो बड़ी सुविधा मिली है।

रेलवे बोर्ड से इसकी स्वीकृति कुछ दिन पहले ही दी गई है। इसके बाद रैक लेने के लिए जोन से टीम भेजी गई। इतना ही नहीं हरी झंडी मिलते ही जोन व मंडल के रेल अफसरों ने कोचिंग डिपो में पहुंचकर ओएचई का काम प्रारंभ कर दिया। दरअसल इस ट्रेन का मेंटेनेंस बिलासपुर के कोचिंग डिपो में ही होना है। इसके लिए वाशिंग लाइन नंबर एक को तैयार किया गया है। वंदे भारत ट्रेन की रैक लेने चेन्न्ई गई टीम बुधवार की शाम को वहां से रवाना हुई और विजयवाड़ा-गोंदिया होते हुए रायपुर और उसके बाद रात 12:31 बजे बिलासुपर रेलवे स्टेशन पहुंची।

आधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन में यात्रियों को सफर के दौरान एक अलग अनुभव होगा। शाम से ही कोचिंग डिपो में अधिकारियों के निरीक्षण का दौर चलता रहा। एक खास बात यह भी है कुछ महीने से लंबित दुर्ग-बिलासपुर के बीच 130 किमी प्रति घंटे की गति से ट्रेन चलाने की अनुमति मिल गई है।

सुबह जब सेफ्टी कमिश्नर से इसकी स्वीकृति जोन कार्यालय पहुंची तो खुशी का ठिकाना नहीं था। माना जा रहा है कि वंदे भारत ट्रेन के परिचालन के लिए इसे स्वीकृति मिली है। वंदे भारत ट्रेन चलाने के लिए मैकेनिकल व एसी विभाग के कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था। 10 ट्रेन चालकों को भी गाजियाबाद भेजा गया था। वे सभी लौट आए हैं।

वंदे भारत ट्रेन की यह है विशेषता

  • – ट्रेन की क्षमता 1,128 यात्रियों की
  • – देश में ही विकसित किया गया है
  • – जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली
  • – ट्रेन की सीटें आरामदायक हैं
  • – आटोमेटिक स्लाइडिंग डोर
  • – सीसीटीवी
  • – आन बोर्ड सर्विसेस
  • – पूरी ट्रेन वातानुकूलित
  • – इकानामी और प्रीमियम क्लास के रूप दो श्रेणियों में सीट की व्यवस्था।
  • – बैठक व्यवस्था फ्लाइड जैसी, जिसमें घूमने वाली सीटें होंगी।
  • – कोच की खिड़कियां बड़ी

11 दिसंबर को पीएम मोदी का हरी झंडी दिखाना तय

इस ट्रेन को नागपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन नया कार्यक्रम भी तय नहीं हुआ है। इसलिए माना जा रहा कि इसका शुभारंभ नागपुर में सुबह होगा। हालांकि इसे लेकर बिलासपुरवासियों के अलावा रेल मंडल के कर्मचारियों में निराशा है कि जब ट्रेन बिलासपुर से नागपुर के बीच चलनी है तो नागपुर से उद्घाटन करने का औचित्य क्या है। बिलासपुर मंडल में पिछले पांच दिनों से 24 घंटे अधिकारी से लेकर कर्मचारी जुटे हुए हैं।