डेढ़ घंटे बंद रहने के बाद WhatsApp सर्विस बहाल

Chhattisgarh Crimes

दिल्ली। वॉट्सऐप की सर्विसेस मंगलवार को दुनिया के कई देशों में करीब डेढ़ घंटे डाउन रही। जानकारी के मुताबिक, वॉट्सऐप ने दोपहर 12.30 बजे काम करना बंद किया था। करीब डेढ़ घंटे बंद रहने के बाद दोपहर 2 बजकर 6 मिनट पर इसने वापस काम करना शुरू कर दिया।

भारत में राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में यूजर्स ने मेटा-ओन्ड मैसेंजर सर्विस में डिसरप्शन की शिकायत की थी। वेबसाइट ट्रैकर डाउन डिटेक्टर ने मैसेंजर सर्विस बंद रहने की जानकारी दी थी। वॉट्सऐप के काम न करने की खबर ट्विटर पर भी ट्रेंड करने लगी थी। दुनियाभर में वॉट्सऐप के 2 अरब से ज्यादा एक्टिव मंथली यूजर्स हैं।

मेटा ने कहा- जल्द से जल्द सर्विस दुरुस्त करने की कोशिश वॉट्सऐप बंद होने की खबर दोपहर करीब 12.30 बजे सामने आई थी। सर्विस बंद रहने के एक घंटे बाद वॉट्सऐप की पैरेंट कंपनी मेटा के स्पोक्सपर्सन ने कहा- हमें जानकारी मिली है कि कुछ लोगों को मैसेज भेजने में परेशानी हो रही है। हम वॉट्सऐप सर्विस को जल्द से जल्द दुरुस्त करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि कंपनी ने इस समस्या की वजह नहीं बताई।

यूजर बोले थे- मैसेज सिंक करने में परेशानी हो रही

रितेश नाम के एक यूजर ने डाउन डिटेक्टर पर परेशानी रिपोर्ट करते हुए लिखा लैपटॉप के साथ सिंक करने के लिए WhatsApp का क्यूआर कोड कनेक्ट नहीं हो रहा है। मैसेज सेंड नहीं हो रहा है। इससे पहले दिल्ली, लखनऊ, कोलकाता मुंबई समेत कई शहरों से भी यूजर्स ने मैसेजिंग सर्विस के काम न करने की शिकायत की थी।

पहले भी डाउन हुई हैं लोकप्रिय ऐप्स की सेवाएं

पिछले साल अक्टूबर में मेटा फैमिली की ऐप्स को लंबे वक्त तक ऐसी खामी का सामना करना पड़ा था। तब वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम की सेवाएं करीब छह घंटे के लिए प्रभावित हुई थीं। साल 2020 में करीब चार बार वॉट्सऐप की सेवाएं कुछ वक्त के लिए प्रभावित हुई थीं। इस साल भी कई देशों में वॉट्सऐप डाउन होने के मामले पहली छमाही में भी सामने आ चुके हैं।