ईओडब्ल्यू ने दी दबिश तो क्लर्क ने पी लिया फिनाइल

भोपाल स्थित घर से मिले 35 लाख, जबलपुर में नगर निगम इंजीनियर निकला करोड़ों का आसामी

Chhattisgarh Crimes

भोपाल/जबलपुर। भोपाल और जबलपुर में बुधवार को ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ) का एकसाथ छापा पड़ा। भोपाल में मेडिकल डिपार्टमेंट में क्लर्क तो जबलपुर में नगर निगम के असिस्टेंट इंजीनियर के घर ईओडब्ल्यू ने दबिश दी। भोपाल के बैरागढ़ में कार्रवाई के दौरान क्लर्क हीरो केसवानी ने फिनाइल पी लिया। उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

क्लर्क सतपुड़ा भवन में पदस्थ है। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर ईओडब्ल्यू ने कोर्ट से आॅर्डर लेने के बाद उसके घर छापा मारा। अब तक की जांच में टीम को 35 लाख का नकद और 8 से ज्यादा प्रॉपर्टी के दस्तावेज मिले हैं। पांच कमरों में तलाशी चल रही है। तीन मंजिला मकान में बेसमेंट में भी एक कमरा बना रखा है। इसमें ही प्रॉपर्टी के कागजात रखे मिले।

इंजीनियर ने आय से 203 प्रतिशत अधिक संपत्ति की अर्जित

उधर, जबलपुर नगर निगम में पदस्थ असिस्टेंट इंजीनियर के घर पर बुधवार सुबह ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ) का छापा पड़ा। अब तक की जांच में इंजीनियर के पास करोड़ों रुपए की आय से अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। ईओडब्ल्यू के एसपी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आदित्य शुक्ला जबलपुर नगर निगम में असिस्टेंट इंजीनियर हैं। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति जुटाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के वेरिफिकेशन के बाद सुबह उनके घर पर दबिश दी गई। ईओडब्ल्यू ने अब तक की जांच में पाया कि इंजीनियर ने अपनी नौकरी के दौरान जो प्रॉपर्टी बनाई, वो उनकी आय से 203% अधिक है। मामला दर्ज कर लिया गया है।