17 साल के किशोर ने 63 साल की वृद्धा और युवक ने बहन की सहेली से किया दुष्कर्म

Chhattisgarh Crimes

जशपुरनगर। जशपुर में दुष्कर्म की दो शर्मनाक घटनाएं सामने आई हैं। बगीचा थाना क्षेत्र में जहां 63 साल की वृद्धा के घर छप्पर तोड़कर घुसे 17 साल के किशोर ने उससे दुष्कर्म किया। वहीं कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी बहन की सहेली से दुष्कर्म किया। पुलिस ने उसे पकड़ा तो छुड़ाने के लिए महिलाओं ने थाना घेर लिया।

जानकारी के मुताबिक, बगीचा क्षेत्र के एक गांव में नवाखानी का त्यौहार मनाया जा रहा था। इसमें गांव की ही 63 साल की महिला ने अपने रिश्तेदारों के साथ शराब पी। इसके बाद रात को घर चली गई। आरोप है कि गांव का ही 17 साल का एक किशोर वृद्घा के घर पहुंच गया। दरवाजा बंद होने के कारण छप्पर तोड़कर अंदर घुस गया।

आरोप है कि वहां किशोर ने वृद्धा से दुष्कर्म किया और भाग निकला। अगले दिन महिला ने पुलिस में शिकायत की और बताया कि वह आरोपी को पहचानती है। इसके बाद पुलिस ने किशोर को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी किशोर ने स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि नशे में धुत देख वह महिला का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गया था।

दूसरा मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र के बेहराटोली का है। 17 वषीर्या किशोरी मोहल्ले में ही रहने वाली अपनी एक सहेली के घर आई थी। रात काफी हो जाने के कारण सहेली के भाई ने उसे घर छोड़ने की बात कही, लेकिन उसने अकेले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी बाइक लेकर पहुंचा और कहा कि वह अपनी बहन को भी साथ ले चलेगा।

किशोरी बाइक पर बैठी, आरोपी उसे भगाकर ले गया। आरोप है कि लोटापानी के जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। जानकारी होने पर मोहल्ले वालों ने पंचायत बुलाई, लेकिन किशोरी के परिजन थाने पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया तो महिलाएं उसे नाबालिग बताते हुए छुड़ाने के लिए थाने पहुंच गई। हालांकि वो नाबालिग होने के कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सकीं और लौट गईं।