रायपुर रेलवे स्टेशन में 3 गांजा तस्कर पकड़े गए

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। रायपुर पुलिस ने रेलवे स्टेशन से 3 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 3 लाख 95 हजार का गांजा जब्त किया है। ये सभी ओडिशा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। मामला गंज थाना क्षेत्र का है।

गंज पुलिस को सूचना मिली थी कि, रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-2 में कुछ लोग संदिग्ध तरीके से घूम रहे हैं। उनके पास मौजूद ट्रॉली बैग में अवैध गांजा रखा हुआ है। मुखबिर से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर उत्तर प्रदेश के विष्णु तोमर (19), ओडिशा के अभिमन्यु बेहरा (19) और पंजाब के अरुण मिश्रा (23) के पास रखे ट्रॉली बैग की जांच की।

इस बैग में करीब 40 किलो गांजा रखा हुआ था। जिसकी कीमत 3 लाख 95 हजार के करीब है। इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके ऊपर नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।