दंतेवाड़ा। जिले में शुक्रवार को लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर 9 नक्सलियों ने CRPF और पुलिस अधिकारियों के सामने सरेंडर किया है। जिले के 2 अलग- अलग थाना क्षेत्रों में माओवादियों ने पुलिस के सामने हथियार डाले हैं। दंतेवाड़ा में 9 माओवादियों के समर्पण करने के साथ ही लोन वर्राटू अभियान के तहत सरेंडर करने वाले माओवादियों का आंकड़ा अब 509 हो गया है।
बताया जा रहा है कि जिले में पहला सरेंडर भांसी थाना में हुआ है। यहां CRPF 230 बटालियन और पुलिस ने 6 नक्सलियों का सरेंडर कराया। CRPF DIG विनय कुमार सिंह, बटालियन के सीओ दिनेश सिंह चंदेल, SP सिद्धार्थ तिवारी की मौजूदगी में 6 नक्सलियों ने हथियार डाल समर्पण किया। बताया जा रहा है कि जिले के सीमावर्ती इलाकों के अलग- अलग नक्सल एरिया कमेटी के नक्सलियों ने CRPF 230 बटालियन के अफसरों के सामने आकर सरेंडर की इच्छा जताई। अफसरों ने तुरंत ही भांसी थाना बुलाकर सरेंडर किया। वहीं अरनपुर थाना में भी 3 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इन सभी नक्सलियों के मुख्यधारा में लौटने पर अफसरों ने उपहार और प्रोत्साहन राशि देकर स्वागत किया।
अब तक 509 नक्सलियों का सरेंडर
CRPF DIG विनय कुमार और सीओ दिनेश सिंह चंदेल ने बताया कि दंतेवाडा और इसके सीमावर्ती जिलों के गांवों के जो व्यक्ति प्रतिबंधित नक्सली संगठन में सक्रिय हैं, उन्हें राज्य सरकार की नीतियों के तहत आत्मसर्मपण कराकर सम्मानपूर्वक जीवन यापन करने के लिए परिचालनिक अभियान चलाया जा रहा है। आम जनता में विश्वास पैदा कर भटके हुए युवाओं से सरेंडर की अपील की जा रही है। SP सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सरेंडर नक्सली कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 509 नक्सली सरेंडर कर चुके हैं।
इन नक्सलियों ने किया सरेंडर
अफसरों के सामने नक्सलियों का मिलिशिया सदस्य हिड़मा कवासी, सोमाराम मंडावी, मेडिकल टीम सदस्य सुनील नुप्पो, कोसाराम सोड़ी, हिड़मा माड़वी, मंगलू कुंजाम, सोमड़ी लेकाम, महेश मरकाम व हिड़मा उर्फ कोयली ताती ने सरेंडर किया है।