जबरदस्ती दवाई खिलाकर कराया गर्भपात, शादी से भी किया इनकार; आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती के साथ रेप के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता ने बताया कि दुष्कर्म के बाद वो गर्भवती हो गई थी, लेकिन आरोपी ने उसे जबरदस्ती दवाई खिलाकर उसका गर्भपात भी करवा दिया।

बलौदा थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि युवती ने 27 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि 1 जून 2021 से ही आरोपी उत्तम सिंह नर्मदा (35 वर्ष) उसका यौन शोषण कर रहा था। पहली बार 1 जून को जब माता-पिता काम करने के लिए गए थे, तब वो घर में घुस आया था। आरोपी ने उसके साथ रेप किया और किसी को भी घटना की जानकारी नहीं देने की धमकी दी। जब डर के कारण पीड़िता ने घरवालों को ये बात नहीं बताई, तो आरोपी की हिम्मत और अधिक बढ़ गई।

इसके बाद आरोपी उत्तम सिंह हमेशा युवती के अकेले रहने पर घर में जाने लगा और उसका यौन शोषण करने लगा। पीड़िता ने बताया कि इस साल अक्टूबर में वो गर्भवती हो गई। जिसके बाद उसने आरोपी को शादी करने के लिए कहा। लेकिन आरोपी ने उसे झांसा दिया कि अबॉर्शन करवा लेने के बाद वो उससे शादी कर लेगा। जब पीड़िता ने अबॉर्शन से मना किया, तो आरोपी ने उसे 9 नवंबर को जबरदस्ती दवाई खिला दी, इससे युवती का गर्भपात हो गया।

गर्भ गिर जाने के बाद भी आरोपी ने युवती से शादी करने से इनकार कर दिया, तब जाकर पीड़िता ने 27 नवंबर को आरोपी के खिलाफ बलौदा थाने में केस दर्ज करवाया। पीड़ित युवती की रिपोर्ट पर आरोपी उत्तम सिंह नर्मदा (ग्राम रसौटा निवासी) को 28 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपी खेती का काम करता है।