हवाई यात्रियों को कल मिलेगी रायपुर से मुंबई उड़ान की सौगात, रायपुर से जयपुर के लिए नई उड़ान जल्द

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। हवाई यात्रियों को रविवार से रायपुर से मुंबई के लिए नई उड़ान की सौगात मिल रही है। बताया जा रहा है कि इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित यह उड़ान अभी 30 अक्टूबर से 30 नवंबर तक ही चलाई जाएगी। साथ ही खास बात यह रहेगा कि इस फ्लाइट के यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट के रूप में कोचीन फ्लाइट भी मिलेगी।

विमानन अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार फ्लाइट क्रमांक 6ई211 कोचीन से मुंबई के लिए सुबह 5.15 बजे उड़ान भरेगी और मुंबई 7.30 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यही फ्लाइट मुंबई से रायपुर के लिए सुबह 8.10 बजे उड़ान भरेगी और सुबह 10 बजे रायपुर विमानतल पहुंचेगी।
इसके बाद फ्लाइट क्रमांक 6ई885 रायपुर से मुंबई के लिए शाम 6.40 बजे उड़ान भरेगी और रात्रि 8.45 बजे मुंबई पहुंचेगी। इसके बाद यही फ्लाइट मुंबई से कोचीन के लिए रात 9.30 बजे उड़ान भरेगी और रात्रि 11.30 बजे कोचीन पहुंचेगी।

जयपुर उड़ान की सौगात भी जल्द

विमानन अधिकारियों का कहना है कि इन दिनों हवाई यात्रियों द्वारा जयपुर उड़ान शुरू करने की भी मांग की जा रही है। बतायाजा रहा है कि रायपुर से जयपुर के लिए जल्द ही नई उड़ान शुरू हो सकती है। इसके लिए विमानन कंपनी द्वारा अपना शेड्यूल भी तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही भुवनेश्वर व गोवा के लिए भी जल्द ही उड़ान शुरू होगी।