अमलेश्वर में ज्वेलर्स संचालक की हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस ने बनारस से किया गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

दुर्ग। दुर्ग जिले के अमलेश्वर में कल गुरुवार को एक ज्वेलर्स संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जिसने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाना शुरु कर दिया था। घटना सामने आने के बाद पुलिस आनन फानन में आरोपियों की तलाश में जुट गई थी जिसके बाद आज शुक्रवार को उन्हें बड़ी सफलता मिली है।

लगातार जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने ज्वेलर्स संचालक की हत्या करने वाले चारो आरोपियों को गिरफ्तार कर दिया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को बनारस से गिरफ्तार किया है। बनारस से हुई चारों आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सभी को पुलिस अब दुर्ग लेकर आ रही है। जानकारी के मुताबिक अमलेश्वर में घटना को अंजाम देने के बाद सभी अलग-अलग रास्तों से होकर बनारस पहुंचे थे और फिर वहां अपना सुरक्षित ठिकाना ढुंढ रहे थे।

वारदात के बाद CCTV और टोल नाका पर साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस बनारस पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आपको बता दें कि अमलेश्वर के तिरंगा चौक पर स्थित समृद्धि ज्वेलर्स के संचालक सुरेंद्र कुमार सोनी को गोली मारने के बाद दुकान में लूटपाट करने वाले आरोपियों के बारे में कल ही दुर्ग पुलिस ने पता लगा लिया था।

दुर्ग पुलिस को इस बात की पुख्ता जानकारी मिली थी कि आरोपी व उसके तीन सहयोगी पांच दिनों से रायपुर के आरंग में आकर ठहरे हुए थे। मृतक भी आरंग का रहने वाला था। पुलिस टीम अभी इनसे पूछताछ नहीं कर पायी है, लिहाजा अभी इस पूरे घटनाक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल पायी है।

फिलहाल ये मामला सुपारी किलिंग का भी हो सकता है। पुलिस ने जिस संदेही को चिन्हित किया है, उसका नाम सौरभ कुमार बताया जा रहा है। वो श्रीराम आरके वस्त्रालय मुसैदी, जिला कोडरमा, झारखंड का निवासी है। अब तक जांच में पता चला है कि सौरभ कुमार अपने चार साथियों के साथ पांच दिनों से आरंग में आकर रुका हुआ था।