गुजरात के इतिहास की सबसे बड़ी जीत की ओर भाजपा, हिमांचल में फंसा पेच

Chhattisgarh Crimes

अहमदाबाद। गुजरात में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करती दिखाई दे रही है। काउंटिंग के रुझानों के मुताबिक भाजपा 182 में से 156 सीटों पर आगे है और एक पर वह जीत चुकी है। अगर ये रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं, तो भाजपा 1985 में कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड तोड़ देगी। वहीं हिमाचल प्रदेश में शुरुआती रुझानों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबला बराबर चल रहा है। भाजपा को 32 और कांग्रेस को भी 32 सीटें मिली हैं। अन्य को 4 सीट मिली है।

गुजरात में 1985 के विधानसभा चुनाव में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में कांग्रेस ने 149 सीटें जीती थीं। भाजपा 150 का आंकड़ा पार करने पर अपनी जीत का नया बेंचमार्क तो बनाएगी ही, साथ ही साथ कांग्रेस की जीत का रिकॉर्ड भी तोड़ देगी।

गुजरात में कुल 182 सीटों के रुझानों में भाजपा एकतरफा बढ़त लेकर 157 सीटों पर आगे है। कांग्रेस 14 और आम आदमी पार्टी 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इधर, निर्दलीय और अन्य कैंडिडेट्स के खाते में 5 सीटें जाती दिखाई दे रही हैं। गुजरात में आज सुबह 8 बजे से पहले आधे घंटे में पोस्टल बैलेट्स की गिनती के बाद EVM से काउंटिंग शुरू हुई थी।

बड़ी सीटों में जामनगर से भाजपा की रीवाबा, अहमदाबाद से CM भूपेंद्र पटेल, वीरमगाम से भाजपा के हार्दिक पटेल आगे चल रहे हैं। भाजपा की लीड को देखते हुए पार्टी समर्थकों ने जश्न शुरू कर दिया है। AAP के CM कैंडिडेट इशुदान गढ़वी भी लीड बनाए हुए हैं।