मनेन्द्रगढ़ जिले के भलौर गांव में एक महिला का शव कमरे के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला

Chhattisgarh Crimesमनेन्द्रगढ़ जिले के भलौर गांव में एक महिला का शव कमरे के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। महिला का शव घर के कमरे में बेड पर मिला, जबकि पंखे में फंदा लगा हुआ था। घटना के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतिका की पहचान निशा जायसवाल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम और तहसीलदार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल महिला की मौत कैसे हुई, इसे लेकर स्थिति साफ नहीं है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम भलौर का है।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

निशा की मौत के बाद उनके मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि निशा और उनके पति नीरज जायसवाल के बीच अक्सर विवाद होता था। परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

निशा की मां प्रमिला जायसवाल ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बेटी के ससुराल पक्ष की ओर से लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। प्रमिला के मुताबिक, परिवार की तरफ से कुछ पैसे दिए भी गए थे, लेकिन इसके बावजूद और पैसों को लेकर विवाद होता रहता था।

प्रमिला जायसवाल का आरोप है कि घटना से एक रात पहले भी निशा के साथ मारपीट की गई थी। उनका कहना है कि निशा ने वीडियो कॉल के जरिए इसकी जानकारी अपने मायके वालों को दी थी। इसके बाद निशा की मौत की खबर सामने आई। इसी आधार पर मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है।

ससुर ने पैसों की मांग के आरोपों से किया इनकार

वहीं, निशा के ससुर सुरेश जायसवाल ने मायके पक्ष की ओर से लगाए गए पैसों की मांग के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच कल विवाद जरूर हुआ था, लेकिन उसके बाद क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही महिला की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।