बेमेतरा के साजा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरतरा में एक लावारिस कुत्ते को भगाने की बात पर हुए विवाद में एक व्यक्ति की डंडे और पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और सामूहिक रूप से अपराध करने की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 6 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे हुई। बोरतरा निवासी ओमप्रकाश प्रजापति अपनी पत्नी ललिता के साथ खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक लावारिस कुत्ता उनके पीछे आने लगा, जिसे भगाने के लिए ओमप्रकाश ने कुछ अपशब्द कहे।
वहां मौजूद शिव श्रीवास, सोमनाथ श्रीवास, दीपक श्रीवास और रोशन श्रीवास ने इन अपशब्दों को अपने लिए समझा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चारों आरोपियों ने मिलकर ओमप्रकाश के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए आसपास पड़े डंडे और पत्थरों से उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आईं ओमप्रकाश की पत्नी ललिता को भी चोटें आईं।
हमले में ओमप्रकाश के सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने तत्काल डायल-112 और 108 पर सूचना दी। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बेमेतरा रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया।
आपसी रंजिश की बात भी आई सामने
घटना की सूचना मिलने पर एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा और साजा थाना प्रभारी निरीक्षक जनक साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से आपसी रंजिश और मनमुटाव था।
पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडे, पत्थर और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए।
चारों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में शिवकुमार श्रीवास (55), रोशन श्रीवास (27), दीपक श्रीवास (25) और सोमनाथ उर्फ छोटू श्रीवास (23) सभी निवासी बोरतरा को 7 अगस्त को गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।