मरवाही वनमंडल के बंशीताल गांव में मंगलवार सुबह बुजुर्ग पर भालू ने हमला कर दिया। जंगल से घर लौटते समय हुए हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बंशीताल निवासी रेवा लाल रोज की तरह सुबह जंगल की ओर गए थे। जब वे वापस लौट रहे थे, तभी झाड़ियों से अचानक निकले भालू ने उन पर हमला कर दिया। बुजुर्ग को संभलने का मौका नहीं मिला और भालू ने उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया।
इस हमले में रेवा लाल के बाएं हाथ और कूल्हे में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक भालू जंगल के भीतर भाग चुका था।
वन अमला ने बढ़ाई गश्त
घटना की खबर फैलते ही इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल रेवा लाल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गौरेला भेजा गया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग ने बंशीताल और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। साथ ही विभाग ने मुनादी कराकर ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर न जाने और सावधानी बरतने की चेतावनी दी है।