पति ने पत्नी को बेल्ट से पीट-पीट कर की हत्या आरोपी हिरासत में

Chhattisgarh Crimesपूरन मेश्राम/मैनपुर। शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम जरहीडीही में पति द्वारा पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि चरित्र पर शंका के चलते आरोपी पति राम कुमार नेताम ने पत्नी की बेल्ट से लगातार कई घंटे तक बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने पड़ोसियों को भी बताया कि उसने बेल्ट से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंँची और आरोपी पति राम कुमार नेताम को हिरासत में ले मामले की जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम जरहीडीही में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र शंका के चलते पति ने अपने ही पत्नी की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जरहीडीही निवासी आरोपी पति रामकुमार नेताम अपनी पत्नी मलीका नेताम के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ,जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि पति ने आपा खो दिया। उसने बेल्ट से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की जान चली गई।दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं,जिनके सिर से मां का साया उठ चुका है। घटना की सूचना मिलते ही शोभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मैनपुर ले जाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पति द्वारा चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की बेल्ट से पीट-पीट कर हत्या कर दिया गया है। और पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही किया जा रहा है।