अर्नब चक्रवात के असर से बीजापुर समेत पूरे बस्तर संभाग का मौसम बिगड़ गया

Chhattisgarh Crimesअर्नब चक्रवात के असर से बीजापुर समेत पूरे बस्तर संभाग का मौसम बिगड़ गया है। बीते करीब 30 से 32 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जिले के कई अंदरूनी इलाकों में पानी भरने लगा है।

लगातार बारिश के चलते इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। वहीं ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र से डैम का पानी छोड़े जाने के बाद बस्तर के जगदलपुर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी के किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने से नदी किनारे स्थित सैकड़ों गांव प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

नदी किनारे और निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह

प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि जरूरी काम न होने पर घरों से बाहर न निकलें और किसी भी इमरजेंसी में सुरक्षित जगह पर जाएं।

भारी बारिश और तेज हवाओं का असर नेशनल हाईवे 63 पर भी दिखाई दे रहा है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात पर असर पड़ा है और वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।

कल रात करीब 8 बजे अवापल्ली से उसूर को जोड़ने वाली सड़क पर शिव मंदिर के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया। इसके चलते रातभर यातायात ठप रहा। पेड़ गिरने से सड़क पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा।

भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन और जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आज स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

बाढ़ और पानी भरने की स्थिति से निपटने के लिए नगर सेना और NDRF की टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। खासतौर पर नदी किनारे और अंदरूनी इलाकों में प्रशासन नजर रखे हुए है।

Exit mobile version