
हालांकि, आदेश सुबह करीब 10 बजे जारी हुआ। तब तक मॉर्निंग और डे शिफ्ट के कई स्कूल खुल चुके थे। कई बच्चे स्कूल पहुंच गए थे और कुछ जगह त्रैमासिक परीक्षा की तैयारी भी चल रही थी। अचानक छुट्टी की सूचना मिलने के बाद बच्चों को स्कूल से वापस लौटना पड़ा।
जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर ने कलेक्टर की मंजूरी के बाद स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि त्रैमासिक परीक्षा के लिए अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे।
चार बैराजों से छोड़ा गया 14,650 क्यूसेक पानी
लगातार बारिश के कारण चार बैराजों से 14,650 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। दुर्ग सिंचाई विभाग के शिवनाथ डिवीजन के ईई आशुतोष सारस्वत के अनुसार सुबह 9:50 बजे की बैराज रिलीज स्थिति में राजनांदगांव के मोगरा बैराज से 8 हजार क्यूसेक, घुमरिया बैराज से 1,250 क्यूसेक, सूखा नाला से 3,200 क्यूसेक और खातूटोला से 2,200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
चारों स्थानों से छोड़ा गया पानी दुर्ग की ओर आने वाली शिवनाथ नदी में पहुंच रहा है। विभाग के अनुसार इसका असर आने वाले घंटों में नदी के जलस्तर पर दिखाई दे सकता है।
महमरा एनीकट में 3 घंटे में एक फीट बढ़ा जलस्तर
शिवनाथ नदी स्थित महमरा एनीकट में भी पानी तेजी से बढ़ा है। सुबह यहां करीब 1 फीट 3 इंच पानी दर्ज किया गया था, जो सुबह 11 बजे तक बढ़कर 2 फीट 3 इंच हो गया।
सिंचाई विभाग ने आशंका जताई है कि चारों बैराजों से छोड़ा गया पानी दोपहर बाद शिवनाथ नदी के आसपास के गांवों में जलस्तर बढ़ा सकता है और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए नदी किनारे के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
कुम्हारी में जलभराव, हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित
भारी बारिश का असर दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे पर भी दिखा। कुम्हारी ओवरब्रिज के पास चंदनडीह इलाके में पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। यातायात पुलिस के मुताबिक यहां गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई है। ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।
राजनांदगांव और बालोद से आने वाले भारी वाहनों के रूट बदले
राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव एम, मोतीपुर और अमलेश्वर होते हुए भेजा जा रहा है। बालोद से आने वाले भारी वाहनों के लिए अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव एम, मोतीपुर और अमलेश्वर का रास्ता सुझाया गया है।
वहीं ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई या नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहनों को अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव होकर जाने की सलाह दी गई है।
भिलाई और भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों को रायपुर जाने के लिए उतई, सेलूद, फूंडा और मोतीपुर का रास्ता बताया गया है। यातायात पुलिस ने लोगों से प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश से बचने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की है।