छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बिहारी ढाबा संचालक से मारपीट और दुर्व्यवहार की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बिहारी ढाबा संचालक से मारपीट और दुर्व्यवहार की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायत की शुरुआती जांच के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने धरमजयगढ़ थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी को सस्पेंड कर दिया है। वहीं आरक्षक विजय राठिया को रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच किया गया है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को बिहारी ढाबा संचालक मोंटू गुप्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा था। उसने एसएसपी को लिखित शिकायत देकर बताया कि बुधवार रात धरमजयगढ़ थाने के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी समेत अन्य पुलिसकर्मी उसके ढाबे पर पहुंचे थे। इस दौरान पुलिसकर्मियों और ढाबा संचालक के बीच विवाद हुआ।

ढाबा संचालक ने पुलिसकर्मियों पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और शिकायतकर्ता का पक्ष भी सुना। शुरुआती जांच में प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी की ओर से कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर उन्हें तत्काल सस्पेंड कर दिया गया।

आरक्षक को लाइन अटैच किया

वहीं आरक्षक विजय राठिया के संबंध में हुई जांच में ढाबा संचालक के साथ दुर्व्यवहार की बात सामने आई। इसके बाद एसएसपी ने आरक्षक को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच कर दिया।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसएसपी ने धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी को प्राथमिक जांच के निर्देश दिए हैं। उन्हें मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रिपोर्ट पेश करने कहा गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version