रायपुर में खुद को गृहमंत्री का निज सहायक बताकर लोगों को सरकारी नौकरी लगाने और ट्रांसफर कराने का झांसा देने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर में खुद को गृहमंत्री का निज सहायक बताकर लोगों को सरकारी नौकरी लगाने और ट्रांसफर कराने का झांसा देने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने का दावा कर लोगों को भरोसे में लिया।

पुलिस के मुताबिक, अब तक की पूछताछ में करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपए लेने की बात सामने आई है।

अब जानिए पूरा मामला

मामले का खुलासा बोस्टो तांडी की शिकायत के बाद हुआ। उसने पुलिस को बताया कि संतराम यादव और आदित्य मोहन पंडा ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। इसी दौरान आदित्य ने खुद को गृहमंत्री का निज सहायक बताया और नौकरी लगवाने के नाम पर उससे 70 हजार रुपए ले लिए।

रुपए देने के बाद भी उसकी नौकरी नहीं लगी। इसके बाद उसने सिविल लाइन थाने में शिकायत की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने दूसरे लोगों से भी सरकारी नौकरी और ट्रांसफर कराने के नाम पर पैसे लिए हैं।

15 लोगों से करीब 25 लाख रुपए लेने का आरोप

पुलिस ने पूछताछ के लिए आदित्य मोहन पंडा और संतराम यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपए लेने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को सरकारी नौकरी लगवाने और ट्रांसफर कराने का झांसा देकर पैसे लेते थे। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने और भी लोगों से ठगी की है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।

दोनों आरोपी रायपुर के रहने वाले

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कमल विहार का रहने वाला आदित्य मोहन पंडा (23) और देवपुरी हिमालया हाइट्स का संतराम यादव (38) शामिल हैं।

सिविल लाइन पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज किया है। आरोपियों पर BNS की धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।