दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। इनमें गोंदिया-पटना के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में 3-3 फेरे लगाएगी।
वहीं, दुर्ग से दिल्ली जंक्शन के लिए एक तरफा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इन ट्रेनों के चलने से त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा और कंफर्म बर्थ मिल सकेगी।
गोंदिया-पटना के बीच नवंबर में चलेंगी ट्रेनें
गाड़ी संख्या 08895 गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल ट्रेन 6 से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को गोंदिया से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 4:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 08896 पटना-गोंदिया पूजा स्पेशल ट्रेन 7 से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को पटना से शाम 6:10 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 3 बजे गोंदिया पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन के 3-3 फेरे होंगे।
छत्तीसगढ़ के 9 स्टेशनों पर होगा ठहराव
गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल ट्रेन को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। इसके अलावा ट्रेन झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मूरी, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, धनबाद, चितरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, जमुई, किउल और राजेंद्रनगर टर्मिनल पर भी रुकेगी। इस ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। इनमें 10 स्लीपर, 3 एसी थर्ड, 1 एसी सेकंड, 4 सामान्य और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं।
दुर्ग से दिल्ली के लिए 2 नवंबर को स्पेशल ट्रेन
दीपावली पर यात्रियों की सुविधा के लिए दुर्ग-दिल्ली जंक्शन के बीच एक तरफा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 08795 दुर्ग-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल 2 नवंबर को दुर्ग से सुबह 11 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रायपुर, उसलापुर, शहडोल, कटनी मुड़वारा और सागर होते हुए अगले दिन सुबह 8:30 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। इस ट्रेन का संचालन केवल एक फेरे के लिए किया जाएगा।
इन स्टेशनों पर भी मिलेगा ठहराव
इस ट्रेन का रायपुर में सुबह 11:35 बजे, उसलापुर में दोपहर 1:40 बजे, शहडोल में शाम 4:40 बजे, कटनी मुड़वारा में रात 7:20 बजे और सागर में रात 9:53 बजे ठहराव होगा। अगले दिन ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट और मथुरा होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। इसमें कुल 18 कोच होंगे। इनमें 14 एसी थर्ड, 1 एसी सेकंड, 1 स्लीपर और 2 पावर कार शामिल हैं।
यात्रा से पहले समय-सारिणी जरूर देखें
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के चलने के दिन, समय और ठहराव की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। इसके लिए रेलवे की अधिकृत वेबसाइट, एनटीईएस या रेलवन ऐप का उपयोग किया जा सकता है। इससे यात्री अपनी यात्रा की योजना ट्रेन की समय-सारिणी के अनुसार बना सकेंगे।