छत्तीसगढ़ के धमतरी में शेयर ट्रेडिंग में हर महीने 4% मुनाफे का लालच देकर 3.12 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी में शेयर ट्रेडिंग में हर महीने 4% मुनाफे का लालच देकर 3.12 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे मध्यप्रदेश के इंदौर से पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी विक्रम सिंह शाह कलेक्ट्रेट रोड स्थित ‘वेल्थ ट्रैकर’ कार्यालय से लोगों को शेयर मार्केट और ट्रेडिंग ऐप में निवेश करने के लिए कहता था। वह निवेशकों को हर महीने 4% ब्याज या मुनाफा देने का वादा करता था। भरोसा जीतने के लिए स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत इकरारनामा बनवाता और सुरक्षा के तौर पर बैंक चेक देता था।

शिकायतकर्ता शिवकुमार साहू (62), निवासी वार्ड क्रमांक 13, गुरूर, जिला बालोद ने गुरूर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटनास्थल धमतरी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में होने के कारण आगे की जांच वहां की पुलिस को सौंपी गई।

शिवकुमार साहू और उनके परिजनों ने आरोपी के पास 25 लाख रुपए निवेश किए थे। आरोपी ने शुरुआती कुछ महीनों तक मुनाफा देने का भरोसा बनाए रखा। बाद में वह मूल रकम और मुनाफा लौटाए बिना फरार हो गया।

पुलिस जांच में अब तक 3 करोड़ 12 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी की जानकारी सामने आई है। प्रमुख पीड़ितों में संगीता सिन्हा से 81 लाख रुपए, अंबिका प्रसाद सोनवानी से 60 लाख, भूषण सिन्हा से 28 लाख, चेतन सिन्हा से 16 लाख और प्रभुलाल सिन्हा से 12 लाख रुपए शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह शाह को इंदौर से गिरफ्तार कर उसके पास से दो मोबाइल, एक टैबलेट, निवेशकों से जुड़े नोटरीकृत इकरारनामे और बैंक चेक जब्त किए हैं। आरोपी का स्थायी पता धमतरी और वर्तमान पता रायपुर के अमलीडीह स्थित क्लासिक टॉवर बताया गया है। पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की कार्रवाई कर रही है।