दीपावली से करीब एक सप्ताह पहले चारामा के सदर बाजार स्थित भंसाली ज्वेलर्स में दिनदहाड़े उठाईगिरी की घटना सामने आई

Chhattisgarh Crimesदीपावली से करीब एक सप्ताह पहले चारामा के सदर बाजार स्थित भंसाली ज्वेलर्स में दिनदहाड़े उठाईगिरी की घटना सामने आई है। सोना खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचे हेलमेट पहने युवक ने संचालक को बातों में उलझाया और मौका पाकर करीब 40 ग्राम सोने के जेवर और अन्य सामान लेकर फरार हो गया।

चोरी हुए सोने की कीमत 8 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी बाइक से भाग निकला। घटना की सूचना मिलने पर चारामा पुलिस जांच में जुट गई है।

सोना दिखाने के दौरान संचालक को उलझाया

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। हेलमेट पहने एक युवक सोना खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचा। उसने दुकान संचालक से सोने के गहने दिखाने को कहा। इस दौरान वह बातचीत में संचालक को उलझाए रहा। इसी बीच मौका पाकर युवक सोने के सिक्के और सोने के बिस्किट के टुकड़े लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद दुकान में सोने के सामान की जांच करने पर चोरी का पता चला।

CCTV में कैद हुई आरोपी की गतिविधियां

बताया जा रहा है कि दुकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में हेलमेट पहने युवक की गतिविधियां कैद हुई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है। साथ ही आरोपी की तलाश भी की जा रही है।

लॉकेट ख़रीदने के बहाने आया था दुकान आरोपी

दुकान संचालक ऋषभ भंसाली ने बताया कि आरोपी लॉकेट खरीदने के बहाने दुकान पर आया था। उनके पिता ने उसे कई तरह के सामान दिखाए, लेकिन आरोपी ने पसंद नहीं आने की बात कही। इसके बाद उसने सोने के बिस्किट या फाइन गोल्ड दिखाने को कहा। इस पर उनके पिता ने उसे करीब 42 से 45 ग्राम का फाइन गोल्ड दिखाया।

इसी दौरान आरोपी ने उनके पिता को बातों में उलझाया और सोना लेकर वहां से चला गया। उसके जाने के करीब 5 से 7 मिनट बाद जब सोने की जांच की गई, तब उसके गायब होने का पता चला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान में जांच भी की है।