बिलासपुर में मगरपारा चौक से मरीमाई होते हुए व्यापार विहार तक जाने वाली शॉर्टकट सड़क का निर्माण इसी महीने पूरा हो जाएगा

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में मगरपारा चौक से मरीमाई होते हुए व्यापार विहार तक जाने वाली शॉर्टकट सड़क का निर्माण इसी महीने पूरा हो जाएगा। सड़क के डामरीकरण का काम शुरू हो चुका है।

इस सड़क की स्वीकृति वर्ष 2022-23 में मिली थी। ‘दैनिक भास्कर’ ने जनसरोकार से जुड़ी खबरों के जरिए इस सड़क की जरूरत को प्रमुखता से उठाया था। अब निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है।

नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने बुधवार को मरीमाई सहित निगम क्षेत्र में करीब 95 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक देरी या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी स्थिति में ठेकेदारों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

मंगला रोड का काम जल्द पूरा करने के निर्देश

कमिश्नर ने मंगला चौक से आजाद चौक तक करीब साढ़े चार करोड़ रुपए की लागत से बन रही सड़क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क के डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट, पोल शिफ्टिंग, पेड़ों की शिफ्टिंग और अन्य जरूरी काम जल्द पूरा कर तत्काल डामरीकरण कराने कहा। सीएसईबी के साथ समन्वय बनाकर लंबित पोल शिफ्टिंग का काम भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

9.73 करोड़ से विकसित हो रहा अटल पथ

इंदिरा सेतु से राम सेतु तक नदी के बाईं ओर करीब 9 करोड़ 73 लाख रुपए की लागत से विकसित किए जा रहे अटल पथ का भी निरीक्षण किया गया। कमिश्नर ने सड़क के डामरीकरण का काम जल्द शुरू कर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही शेष रंगरोगन, सौंदर्यीकरण और पौधरोपण सहित अन्य कार्य भी तत्काल पूरे करने कहा।

गौरव पथ निर्माण में बाधक अतिक्रमण हटेंगे

अशोकनगर से बिरकोना तक करीब 17 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन गौरव पथ का निरीक्षण करते हुए कमिश्नर ने डिवाइडर निर्माण और पोल शिफ्टिंग का काम जल्द पूरा करने कहा। उन्होंने सड़क निर्माण में बाधक अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए।

नागरिकों की सुरक्षा का रखें ध्यान

कमिश्नर ने सभी निर्माण स्थलों पर नियमित पानी का छिड़काव, उचित बैरिकेडिंग और जरूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा, ताकि निर्माण के दौरान नागरिकों को परेशानी न हो।

उन्होंने सभी सड़क परियोजनाओं को दिसंबर अंत तक और अन्य निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

Exit mobile version