धमतरी में गुरुनानक जयंती के पूर्व माता साहेब देवा जी सर्वधर्म समिति की ओर से जिला अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को भोजन पैकेट और मिठाई वितरित की गई। शनिवार को समिति के सदस्य अस्पताल पहुंचे और जरूरतमंदों को भोजन कराकर सेवा का संदेश दिया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि संस्था निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य करती है। गुरुनानक देव जी की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सेवा और मानवता से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सच्चा व्यापार केवल पैसे कमाना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद करना भी है।
समिति के सदस्यों ने गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़ा प्रसंग साझा करते हुए बताया कि 20 रुपये से लोगों को भोजन कराने की सीख आज भी लंगर परंपरा के रूप में समाज को सेवा का संदेश दे रही है। इसी भावना के साथ समिति जरूरतमंदों की सहायता के लिए कार्य कर रही है।
समिति की ओर से बताया गया कि 24 नवंबर को गुरुनानक देव जी का उत्सव मनाया जाएगा। इसी क्रम में शनिवार को जिला अस्पताल में भोजन वितरण किया गया।
प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश देते हैं गुरु नानक देव
गुरुनानक जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में भी मनाया जाता है। यह सिख धर्म के प्रथम गुरु और संस्थापक गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव का पर्व है। उन्होंने समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। जात-पात, ऊंच-नीच और धार्मिक भेदभाव का विरोध करते हुए ‘एक ओंकार’ यानी ईश्वर एक है, की शिक्षा दी।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं के तीन प्रमुख सिद्धांत हैं- नाम जपो, किरत करो और वंड छको। यानी ईश्वर का स्मरण करें, मेहनत और ईमानदारी से कमाएं तथा जरूरतमंदों के साथ मिल-बांटकर खाएं। उनकी ये शिक्षाएं आज भी समाज को प्रेम, सद्भाव और एकता के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं।