खड़गे ने कहा कि केंद्र सरकार भय और झूठ फैलाकर देश पर राज कर रही है। ये लोग हर जगह मिलकर गरीबों को लूटने और डराने का काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है, मर-मिटने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में जो जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गईं, उन्हें भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। 67 नई शराब की दुकानें खोल दीं और नकली शराब बेचने का धंधा शुरू कर दिया। ये लोग सिर्फ कारोबार के नाम पर समाज को खोखला कर रहे हैं।
खड़गे ने आगे कहा कि जब भी हम सच्चाई बोलते हैं, तो देश में कुछ लोगों को मिर्ची लगती है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने 16 बार दावा किया कि उन्होंने युद्धविराम कराया, लेकिन मोदी ने एक बार भी उन्हें झूठा नहीं कहा।
खड़गे बोले-संविधान की मूल आत्मा से खिलवाड़ करा RSS
खड़गे ने आरएसएस और भाजपा पर संविधान की मूल आत्मा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संघ के एक विचारक ने ‘सोशलिज्म’ और ‘सेक्युलरिज्म’ शब्दों को संविधान से हटाने की बात कही है।
1980 में आपने अपने ही संविधान में क्या लिखा था? अब इन्हीं शब्दों को हटाने की कोशिश कर रहे हैं। ये शब्द हटाकर तो देखिए, पूरा देश आपके खिलाफ खड़ा हो जाएगा। खड़गे ने कहा कि एक दिन भाजपा खुद अपने कामों पर शर्मिंदा होगी।
CM साय सिर्फ मोदी और शाह के इशारों पर उठते-बैठते हैं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर खड़गे ने कहा कि साय सिर्फ मोदी और शाह के इशारों पर उठते-बैठते हैं, इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया है। यह सिर्फ साय का नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ का अपमान है।