दुर्ग जिले में किराना दुकानदार से लूट और मारपीट के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में किराना दुकानदार से लूट और मारपीट के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पहले दुकान से सामान लेने पहुंचे थे, जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे, तो विवाद शुरू हो गया। इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार दिखाकर कैश काउंटर से 5100 रुपए लूट लिए और मारपीट कर फरार हो गए थे। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। हाउसिंग बोर्ड के रहने वाले मेजर यादव (58) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 मई की सुबह करीब 8 बजे चार युवक उनकी किराना दुकान पर पहुंचे। वहां उन्होंने चाय, पानी की बोतल, गुटखा और सिगरेट खरीदी। सामान लेने के बाद जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे, तो आरोपी बहस और विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी श्याम रेड्डी ने धारदार हथियार निकालकर दुकानदार को डराया-धमकाया। उसके साथ मौजूद अन्य तीन आरोपियों ने भी मिलकर दुकानदार से मारपीट की और दुकान के गल्ले में रखे 5100 रुपए निकाल लिए। घटना के दौरान दुकानदार किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।

 

खुर्सीपार के रहने वाले हैं सभी आरोपी

 

जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली और चारों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान धनराज निर्मलकर (21), विराज (18), श्याम रेड्डी (25) और प्रहलाद बंजारे (22) के रूप में हुई है। सभी आरोपी खुर्सीपार क्षेत्र के रहने वाले हैं।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार और लूट से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने चारों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।