छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। मंगलवार को कोटमी साप्ताहिक बाजार में प्रदीप सोनी ने दुकान लगाई थी। जब वे दुकान बंद कर रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाश आए और उनसे सोने-चांदी का बैग छीन लिया।
जब व्यापारी ने इसका विरोध किया तो सीने पर गोली मार दी। घटना के बाद मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। बदमाश बैग लेकर भाग निकले, पुलिस 6 जिले में नाकेबंदी कर आरोपियों को ढूंढ रही है। मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है। 60 लाख की लूट का अनुमान लगाया गया है।
हत्या के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। परिजन और स्थानीय व्यापारियों ने अस्पताल में पुलिस से शव छीन लिया और रात 12 बजे तक सड़क जाम कर दिया था। सुबह तक पीएम नहीं हो पाया है, सर्राफा व्यापारी संगठन और अन्य व्यापारी संगठनों ने आज पेंड्रा बंद का ऐलान किया है।
जानिए क्या है पूरा मामला
चश्मदीदों के अनुसार, मंगलवार (26 मई) रात करीब 7 बजे 3 आरोपी एक पल्सर पर सवार होकर आए थे। बदमाशों ने प्रदीप सोनी को बेहद करीब से गोली मारी है। सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया है। मौके से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।